हिंदी
नैनीताल के गांव में गुलदार का कहर (Img: AI Generated Image)
Nainital: नैनीताल जिले की कालाढूंगी तहसील के विजयपुर गांव में शनिवार देर शाम गुलदार ने दुकान से सामान लेकर घर लौट रहे 10 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बच्चा घायल हो गया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया। बच्चे की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो गुलदार वहां से भाग गया।
जानकारी के अनुसार, विजयपुर निवासी अंश शनिवार शाम करीब सात बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित दुकान से सामान लेकर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में गुलदार ने उस पर झपट्टा मार दिया। गुलदार ने बच्चे के चेहरे और आंख के पास पंजा मारा, जिससे उसके चेहरे पर गहरा निशान आ गया। गनीमत रही कि उसकी आंख सुरक्षित बच गई।
ये भी पढे़ें- बाहर सोता रहा पति और अंदर हो गया कांड, थाने में जाकर बीवी बोली- मैं चादर में थी और
हमले के दौरान अंश ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों की आवाजाही देखकर गुलदार वहां से जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद गुलदार का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह घर के पास आराम से बैठा नजर आ रहा है। आबादी के नजदीक गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
ये भी पढे़ें- Gorakhpur Story: चाय की दुकान से IAS-IPS का सपना, तीन बहनों का संघर्ष देखकर लोग भी रह गए हैरान
वहीं, गदगदिया रेंज के वन क्षेत्राधिकारी जगदीश जोशी ने बताया कि घायल बालक अंश का इलाज कराया गया है। नियमानुसार पीड़ित परिवार को इलाज के खर्च के लिए आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा। इधर, हल्द्वानी के बेरीपड़ाव क्षेत्र में भी गुलदार की सक्रियता सामने आई है। यहां देर रात गुलदार ने एक पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया।
Location : Nainital
Published : 20 September 2026, 4:20 PM IST