कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें! पुलिस प्रशासन ने जारी किया महा-ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों और दोपहिया पर सख्त पाबंदी

कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को लेकर हल्द्वानी पुलिस प्रशासन ने 13 से 16 जून तक का विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। बाहरी राज्यों, कुमाऊं और स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रूट, पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 11 June 2026, 10:31 AM IST
google-preferred

Nainital: बाबा नीब करौरी के विश्व प्रसिद्ध आश्रम कैंची धाम के स्थापना दिवस और वार्षिक मेले को लेकर नैनीताल और हल्द्वानी पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। मेले के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 13 जून से 16 जून तक का विस्तृत ट्रैफिक और रूट डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने बाहरी राज्यों, कुमाऊं मंडल और स्थानीय क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन और शटल सेवा की व्यवस्था की है।

दिल्ली-NCR और बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों का रूट बदला

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मुरादाबाद, देहरादून और हरिद्वार की ओर से वाया रामनगर या कालाढूंगी होते हुए कैंची धाम जाने वाले वाहनों को हल्द्वानी शहर के भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को नयागांव तिराहे से डायवर्ट कर लामाचौड़, आरटीओ रोड, पंचायतघर और तीनपानी तिराहा होते हुए गौलापार काठगोदाम की ओर भेजा जाएगा। रामपुर रोड और बरेली रोड से आने वाले वाहनों को भी तीनपानी तिराहे से सीधे गौलापार काठगोदाम भेजा जाएगा, जहां से श्रद्धालु शटल सेवा का लाभ उठा सकेंगे। इसके अतिरिक्त, ट्रेन और रोडवेज बसों से आने वाले यात्रियों के लिए हल्द्वानी व काठगोदाम स्टेशन से सीधे शटल बसें चलाई जाएंगी।

कैंची धाम में कंबल चढ़ाने की परंपरा के पीछे छिपी है आस्था और विश्वास की अनोखी कहानी, जानिए कैसे हुई इसकी शुरुआत?

पहाड़ों और स्थानीय रूटों पर भी पाबंदियां लागू

अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को खैरना पार्किंग में पार्क कराया जाएगा और वहां से श्रद्धालु शटल सेवा के जरिए कैंची धाम पहुंचेंगे। वहीं, मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा-बागेश्वर जाने वाले सामान्य वाहनों को भीमताल, खुटानी बैंड से नथुवाखान और रामगढ़ के रास्ते भेजा जाएगा। नैनीताल, ज्योलीकोट और भवाली की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए सेनेटोरियम पार्किंग तय की गई है।

दोपहिया और भारी माल वाहनों पर पूरी तरह रोक

यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने 13 और 14 जून को सुबह से रात 11 बजे तक भारी माल वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। आवश्यक सेवाओं (फल, सब्जी, राशन) के वाहनों को केवल रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक की छूट रहेगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि 14 जून की सुबह 8 बजे से 16 जून की शाम 4 बजे तक कैंची धाम जाने वाले सभी प्रकार के दोपहिया वाहनों और बाइक टैक्सियों के संचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी।

15 जून को कैंची धाम जाने वालों के लिए बड़ा प्लान! 120 शटल बसें, ग्रीन कॉरिडोर और खास इंतजाम, जानिए पूरी व्यवस्था

इन प्रमुख जगहों पर मिलेगी पार्किंग और शटल सेवा

प्रशासन ने चौपहिया वाहनों के लिए सेनेटोरियम भवाली, नैनीबैंड-1, फरसौली, विकास भवन भीमताल और गौलापार आईएसबीटी को मुख्य पार्किंग स्थल बनाया है। श्रद्धालुओं को जाम से बचाने के लिए सेनेटोरियम, जंगलात बैरियर, भीमताल ब्लॉक पार्किंग, खैरना, काठगोदाम रेलवे स्टेशन और नगर निगम इंटर कॉलेज से लगातार शटल बसें चलाई जाएंगी। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस रूट प्लान को देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

Location :  Nainital

Published :  11 June 2026, 10:31 AM IST

Related News

Advertisement