15 जून को कैंची धाम जाने वालों के लिए बड़ा प्लान! 120 शटल बसें, ग्रीन कॉरिडोर और खास इंतजाम, जानिए पूरी व्यवस्था

कैंची धाम मेले में इस बार श्रद्धालुओं के लिए कुछ ऐसे खास इंतजाम किए जा रहे हैं, जो पहले शायद ही देखने को मिले हों। प्रशासन ने भीड़, ट्रैफिक और आपात स्थितियों को लेकर बड़ा प्लान तैयार किया है। खास बात यह है कि यात्रा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं।

Haldwani: 15 जून को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए इस बार हल्द्वानी से कैंची धाम तक विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव सेवाओं को बिना बाधा के घटनास्थल तक पहुंचाना है।

बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा

पुलिस कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित समन्वय बैठक में मेले की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपदा से निपटने की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी सिटी मनोज कत्याल और नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

कैंची धाम में उमड़ेगा जनसैलाब! लाखों श्रद्धालुओं के आगमन से पहले प्रशासन ने बनाया मास्टर प्लान

अधिकारियों ने बताया कि मेले के दिन हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ना तय है। ऐसे में दुर्घटना, आगजनी, वाहन खराब होने या अन्य किसी आपात स्थिति की स्थिति में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन इकाइयों को भी पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा गया है।

यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर निगम इंटर कॉलेज मैदान, रेलवे स्टेशन हल्द्वानी और काठगोदाम क्षेत्र में अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे। इन पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं को कैंची धाम तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम और केमू की 60-60 बसों का संचालन शटल सेवा के रूप में किया जाएगा।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि अगर निर्धारित पार्किंग स्थल भर जाते हैं तो गौलापार स्टेडियम को अतिरिक्त पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। वहां से भी श्रद्धालुओं को शटल बसों के जरिए कैंची धाम भेजा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। वहीं संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

महाराष्ट्र में बड़ा हादसा: 35 तीर्थयात्रियों से भरी नाव नदी में पलटी, Rescue Operation जारी

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में एसडीएम मोनिका, सीओ सिटी अमित कुमार, टीटीओ एवं आरटीओ पवन कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी।

Location :  Nainital

Published :  10 June 2026, 7:05 PM IST

Advertisement