हिंदी
महिला को पीटते GRP सिपाही का वीडियो वायरल (Image Source: X)
Moradabad: जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद जीआरपी के दो सिपाहियों और बिहार निवासी एक परिवार के बीच मारपीट में बदल गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें जीआरपी का एक सिपाही महिला पर लगातार घूंसे बरसाता दिखाई दे रहा है। महिला की बेटियां अपनी मां को बचाने के लिए सिपाही को पीछे खींचने की कोशिश करती नजर आ रही हैं। मारपीट के दौरान महिला के सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा।
जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक, 18 नवंबर की शाम जननायक एक्सप्रेस मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से नजीबाबाद के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन के एक कोच में बिहार निवासी एक महिला सीट पर लेटी हुई थी। इसी दौरान दूसरे परिवार की एक महिला गोद में बच्चा लेकर वहां पहुंची और बैठने के लिए सीट मांगी। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
ट्रेन में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात जीआरपी मुरादाबाद के सिपाही ललित सागर और अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए सीट पर लेटी महिला से बच्चा गोद में लिए खड़ी महिला को बैठने के लिए जगह देने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बिहार निवासी महिला ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसकी तीन पुत्रियां और दो युवक भी विवाद में शामिल हो गए।
जीआरपी सिपाही ललित सागर और अजय कुमार की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, शाम करीब 6:40 बजे दोनों सिपाही दोबारा कोच में पहुंचे तो दोनों परिवारों के बीच फिर विवाद हो रहा था। उन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान महिला और उसके साथ मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
सिपाहियों ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की गई। इस दौरान एक सिपाही की वर्दी खींचकर फाड़ दी गई और शर्ट के दो बटन टूट गए। इसके बाद सिपाहियों ने अधिकारियों को घटना की सूचना दी। दोनों सिपाहियों ने महिला और उसके परिवार पर मारपीट, गाली-गलौज और वर्दी फाड़ने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
ये भी पढ़ें: Bareilly-Moradabad MLC Election Result: भाजपा के हरि सिंह ढिल्लों की लगातार दूसरी जीत
जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर मारपीट (Image Source: X)
इस बीच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें जीआरपी का एक सिपाही महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में सिपाही महिला पर लगातार घूंसे बरसाता नजर आ रहा है। महिला की बेटियां अपनी मां को बचाने के लिए बीच में आती हैं और सिपाही को पीछे खींचने का प्रयास करती हैं। महिला के सिर से खून निकलता भी दिखाई दे रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं। महिला पक्ष ने भी सिपाहियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। हालांकि, इस पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
ये भी पढ़ें: Moradabad: रक्षाबंधन की खुशिया मातम में बदली, बाइक समेत नदी में समाया पूरा परिवार
मुरादाबाद कंट्रोल से सूचना मिलने पर नजीबाबाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के नजीबाबाद पहुंचने पर कार्रवाई की गई। ट्रेन करीब चार घंटे की देरी से पहुंची थी। पुलिस ने मारपीट के आरोपी दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि महिला और उसकी बेटियां दूसरी ट्रेन से रवाना हो गईं।
घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ कमांडेंट ऋषि कुमार शुक्ला और मुरादाबाद जीआरपी इंस्पेक्टर कमल किशोर देर रात नजीबाबाद पहुंचे। उन्होंने आरपीएफ प्रभारी विपिन कुमार की मौजूदगी में दोनों सिपाहियों और बिहार निवासी परिवार से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।
Location : Moradabad
Published : 21 November 2026, 8:18 PM IST