हिंदी
पर्यटकों के लिए मुश्किल बना नैनीताल
Nainital: नैनीताल में पिछले कुछ दिनों से पर्यटकों की अप्रत्याशित भीड़ देखने को मिल रही है। हालात यह हैं कि जो होटल कमरे आम दिनों में 2000 से 2500 रुपये में मिल जाते थे, वही अब 6000 से 8000 रुपये तक पहुंच गए हैं। इसके बावजूद कमरों की उपलब्धता बेहद सीमित हो गई है।
मॉल रोड, तल्लीताल और मल्लीताल जैसे प्रमुख इलाकों में पर्यटकों को कमरा ढूंढने के लिए घंटों भटकना पड़ रहा है। कई यात्रियों ने आरोप लगाया है कि होटल संचालक सीजन का फायदा उठाकर मनमाने दाम वसूल रहे हैं और तय रेट लिस्ट का पालन नहीं किया जा रहा।
सिर्फ होटल ही नहीं, बल्कि टैक्सी सेवाएं भी पर्यटकों की जेब पर भारी पड़ रही हैं। हल्द्वानी मार्ग पर शनिवार को इतनी भीड़ बढ़ गई कि परिवहन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। जहां सामान्य दिनों में 150 रुपये में मिलने वाला सफर था, वहीं अब यात्रियों से 300 से 500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। मॉल रोड से बस स्टैंड तक जाने के लिए भी लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कई जगहों पर किराये को लेकर पर्यटकों और टैक्सी चालकों के बीच बहस और विवाद की स्थिति भी देखने को मिली।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस को ट्रैफिक संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। कई इलाकों में घंटों तक वाहन रेंगते नजर आए और पुलिसकर्मी लगातार स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
कैंची धाम में भी शनिवार को भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे हालात और बिगड़ गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया।
पर्यटन विभाग ने होटल संचालकों की मनमानी पर नाराजगी जताई है। अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई होटल तय रेट से ज्यादा वसूली करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी तक जमीनी स्तर पर इसका असर सीमित ही नजर आ रहा है।
भीड़ और महंगाई के इस दोहरे दबाव ने पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लोग जहां सुकून और ठंडक की तलाश में पहाड़ों का रुख करते हैं, वहीं यहां पहुंचकर उन्हें अव्यवस्था और महंगे खर्च का सामना करना पड़ रहा है।
Location : Nainital
Published : 5 April 2026, 7:45 PM IST