देहरादून में दुस्साहस: घर में घुसकर वकील सोहेल की गोली मारकर हत्या, 24 घंटे के भीतर दूसरा मर्डर

देहरादून के कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र में बदमाशों ने घर में घुसकर वकील सोहेल की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शिमला बाईपास रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 15 June 2026, 10:09 AM IST
google-preferred

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत शिमला रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक एडवोकेट (वकील) की घर में घुसकर गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी।

इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। देहरादून में पिछले 24 घंटे के भीतर यह दूसरा मर्डर है, जिसने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

खाना खा रहा था भाई और कमरे में मार दी गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुड्ढी गांव निवासी एडवोकेट सोहेल देर रात अपने घर पर मौजूद थे। उसी दौरान दूसरे कमरे में उनका भाई खाना खा रहा था। अचानक घर के भीतर से गोली चलने की जोरदार आवाज आई। आवाज सुनकर भाई घबरा गया और आनन-फानन में भागते हुए सोहेल के कमरे की तरफ आया।

वहां का नजारा बेहद खौफनाक था; सोहेल खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़े हुए थे। फर्श से लेकर आंगन तक खून ही खून बिखरा हुआ था। गोली इतनी सटीक जगह मारी गई थी कि सोहेल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए आसानी से फरार हो गए।

ऋषिकेश रेल हादसे पर रेलवे का कड़ा एक्शन: देहरादून तक गिली गाज, मामले में लोको पायलट सस्पेंड

गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर लगाया जाम

इस जघन्य हत्याकांड से स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से नाराज भारी संख्या में क्षेत्रवासी सड़कों पर उतर आए और उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोहेल के शव को शिमला बाईपास रोड पर रखकर जाम लगा दिया। हाईवे जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों द्वारा काफी देर तक समझाने-बुझाने और कड़ी कार्रवाई का भरोसा देने के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।

देहरादून में इंसानियत शर्मसार: नवविवाहिता को बेरहमी से पीटा, धोखे से कराया जबरन गर्भपात, मुकदमा दर्ज

जांच में जुटी पुलिस और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की तैयारी

मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने एडवोकेट सोहेल को निशाना बनाया है। पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।

आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही हैं। इसके साथ ही पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि जिन प्रदर्शनकारियों ने कानून हाथ में लेकर सड़क पर जाम लगाया, उनके खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Dehradun

Published :  15 June 2026, 10:09 AM IST

Related News

Advertisement