हरिद्वार में युवक पर हमला: नाम जानने के बाद भड़के हमलावर, वीडियो वायरल

हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में एक ऐसी सनसनीखेज घटना घटी है, जिसने लोगों के होश उड़ा दिए और सोचने में मजबूर कर दिया कि क्या अभी भी जातिवाद जिंदा है। यहां जानें पूरा मामला

हरिद्वार: हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गुरुकुल विश्वविद्यालय के सामने स्थित घाट पर दोस्तों के साथ बैठे एक युवक पर नाम पूछने के बाद कुछ युवकों ने लाठी-डंडों और हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। जिसके बाद युवक बुरी तरह घायल हो गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार युवक पर यह हमला इतनी बेरहमी से किया गया कि युवक को गंभीर चोटें आई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया है और पुलिस भी हरकत में आ गई है।

ये है पूरा मामला
पीड़ित युवक, जो कि ज्वालापुर के कैटलवाड़ा मोहल्ले का निवासी है। युवक ने मामले की तहरीर कनखल थाना पुलिस को दी है और तहरीर में बताया कि वह अपने दोस्तों सावेज और शाहिद के साथ घाट पर बैठा हुआ था। तभी लगभग 10-15 युवक वहां पहुंचे और तीनों से उनका नाम पूछने लगे। जैसे ही उन्होंने अपने नाम बताए, वैसे ही हमलावर युवक भड़क उठे और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे।

आसपास लोगों को देखकर भाग गए आरोपी
इसके बाद हमलावरों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया और लाठी-डंडों एवं हॉकी स्टिक से ताबड़तोड़ वार करने लगे। हमले में पीड़ित बुरी तरह घायल हो गया। जबकि उसके साथी किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग निकले। आसपास मौजूद लोगों ने जब हमलावरों को देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसमें मारपीट, अभद्र भाषा, जातिसूचक गालियां और अन्य गंभीर आरोप शामिल हैं।

आरोपियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई
कनखल थाना प्रभारी के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना को लेकर क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है और स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

वायरल वीडियो के द्वारा आरोपियों की तालाश जारी
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और इससे आरोपियों की पहचान में मदद मिल रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तालाश में जुटी हुई है।

Location :  Haridwar

Published :  28 June 2025, 11:37 AM IST

Advertisement