हिंदी
Symbolic Photo
Nainital: नैनीताल में एक बार फिर सनसनी फैल गई है। जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की ताज़ा धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शहर के लोगों में भी दहशत का माहौल है, क्योंकि करीब तीन साल पहले भी इसी तरह की धमकी से पूरा इलाका सहम गया था।
पुरानी फाइलें फिर खुली
पुलिस ने इस बार सीधे पुराने मामलों की फाइलें खंगालनी शुरू कर दी हैं। करीब तीन साल पहले शहर को बम से उड़ाने की चेतावनी मिली थी। उस समय एसटीएफ ने जांच करते हुए दिल्ली के एक युवक को आंध्र-प्रदेश से गिरफ्तार किया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे ट्रांजिट रिमांड पर नैनीताल लाया गया था। मामले में कार्रवाई के बाद उसे सजा हुई थी।
अब जानकारी सामने आई है कि वह युवक अपनी सजा पूरी कर जेल से बाहर आ चुका है। इसी वजह से पुलिस को शक है कि कहीं ताज़ा धमकी के पीछे उसी का हाथ तो नहीं है या फिर उसके किसी साथी ने उसका नाम इस्तेमाल कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की हो।
डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच
जिले की पुलिस टीम तकनीकी जांच में जुट गई है। अधिकारियों ने पुराने डिजिटल रिकॉर्ड दोबारा खंगालने शुरू कर दिए हैं। यह भी देखा जा रहा है कि धमकी वाला मेल कहीं किसी हैकर ने किसी और की ईमेल आईडी हैक करके तो नहीं भेजा। साइबर एंगल से भी हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
इंस्टाग्राम पर भी मिल चुकी है धमकी
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि साल 2023 में पुलिस की इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर भी इसी तरह की धमकी आई थी। इसलिए उस केस से जुड़े दस्तावेज फिर से मंगवाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूर्व आरोपी के परिवारवालों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि किसी भी कड़ी को नजरअंदाज न किया जाए।
हर एंगल पर तेजी से कार्रवाई
बम धमकी की जांच कर रहे विवेचक को साफ निर्देश दिए गए हैं कि हर पहलू पर तेजी से कार्रवाई हो। कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना को खारिज नहीं कर रही है और मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।
Location : Nainital
Published : 21 February 2026, 8:06 AM IST