हिंदी
युवक की हत्या (Img : pinterest)
Mirzapur : जिले में शराब को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। देहात कोतवाली क्षेत्र के बरबसपुर अघौली गांव में पाही पर रह रहे 35 साल अनिल विश्वकर्मा पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मामले में आरोपी आनंद कुमार विश्वकर्मा उर्फ रामबाबू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी पैंट भी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, भरूहना निवासी रमेश चंद्र का 35 वर्षीय बेटा अनिल विश्वकर्मा बरबसपुर अघौली गांव में अपनी पाही पर रह रहा था। मंगलवार को शराब पीने की बात को लेकर अनिल का कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसके साथ मारपीट की गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अनिल की हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी आनंद कुमार विश्वकर्मा उर्फ रामबाबू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अनिल के साथ शराब पीने को लेकर उसका विवाद हुआ था। आरोपी का दावा है कि विवाद के दौरान अनिल ने उसके साथ गाली-गलौज की, जिससे वह गुस्से में आ गया। इसके बाद पास में रखी एल्यूमिनियम की डेकची से उसने अनिल पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़ा खून से सना कपड़ा बरामद किया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर घटना की पूरी तस्वीर और साफ होगी।
Location : Mirzapur
Published : 25 August 2026, 5:40 PM IST