हिंदी
आंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल
Budaun : सीकरी गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब ग्राम समाज की जमीन पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर ग्रामीण और पुलिस आमने-सामने आ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि दो पुलिसकर्मियों ने जमीन पर रखी गई प्रतिमा को गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसी जगह प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख एसपी देहात, एसडीएम और सीओ समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। कई घंटे तक अफसर ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन गांव में तनाव बना रहा।
जानकारी के मुताबिक, फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में मंगलवार तड़के ग्रामीणों ने ग्राम समाज की भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए रख दी। प्रतिमा लगाने की तैयारी के लिए वहां ईंटें भी मंगाई गई थीं। जैसे ही इसकी जानकारी प्रशासन को मिली, अधिकारियों में हलचल मच गई।
सूचना के बाद बिसौली के एसडीएम और सीओ अंशुमन श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के जुटने के बाद तीन थानों की पुलिस भी बुला ली गई। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत की। इसी दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दो पुलिसकर्मियों ने प्रतिमा को गिराकर उसे क्षतिग्रस्त किया है। आरोप को लेकर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने उसी जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि वे प्रतिमा उसी स्थान पर स्थापित करना चाहते हैं। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया कि बिना अनुमति ग्राम समाज की आरक्षित भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने कहा कि गांव में माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रख रही है। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच दोपहर तक बातचीत चलती रही।
फिलहाल सीकरी गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन के अफसर ने बताया कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। प्रशासन अब बातचीत के जरिए मामले को शांत कराने की कोशिश में जुटा है।
Location : Budaun
Published : 25 August 2026, 4:36 PM IST
Topics : Ambedkar Statue Budaun News law and order UP News