Greater Noida Bus Fire: पहले आई जलने की बदबू, फिर ड्राइवर की सीट से उठीं लपटें; यात्रियों ने रोका तो क्या हुआ?

यमुना एक्सप्रेसवे बस अग्निकांड में यात्री ने ड्राइवर और कंडक्टर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, आग लगने से पहले बस में जलने की बदबू आ रही थी, लेकिन बस नहीं रोकी गई। कुछ देर बाद ड्राइवर की सीट के पास आग भड़क उठी और नौ यात्रियों की मौत हो गई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 24 September 2026, 2:04 PM IST
google-preferred

Greater Noida: यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने के मामले में यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, बस के ड्राइवर कैबिन की ओर से जलने जैसी बदबू आने के बाद यात्रियों ने चालक और परिचालक को इसकी जानकारी दी थी। आरोप है कि इसके बावजूद बस नहीं रोकी गई। कुछ ही देर बाद ड्राइवर की सीट के पास से तेज आग की लपटें निकलने लगीं और देखते ही देखते बस में धुआं भर गया।

कश्मीरी गेट से राठ जा रहे थे यात्री

मोहाल खुशीपुरा, थाना राठ, हमीरपुर निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार रात दिल्ली के कश्मीरी गेट से राज कल्पना ट्रेवल्स की बस संख्या BR32PA8647 से राठ जाने के लिए सवार हुए थे। शिकायत के अनुसार बस में करीब 30 से 35 यात्री मौजूद थे। रात करीब 11:30 बजे बस नोएडा से आगरा जाने वाले मार्ग पर यमुना एक्सप्रेसवे के 33 किलोमीटर के पास पहुंची।

जलने की बदबू के बाद भी नहीं रुकी बस

सुनील कुमार के मुताबिक, इसी दौरान ड्राइवर कैबिन की तरफ से जलने जैसी तेज बदबू आने लगी। कुछ यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को इसकी जानकारी दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ड्राइवर ने इसे सामान्य बताते हुए कहा कि बस में इस तरह की बदबू आती रहती है। इसके बावजूद बस को रोककर जांच नहीं की गई।

ड्राइवर और कंडक्टर पर धमकाने का आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ड्राइवर और कंडक्टर कैबिन में बीड़ी या सिगरेट पी रहे थे। यात्रियों के सवाल करने पर दोनों कथित तौर पर हंस रहे थे। सुनील का आरोप है कि इसी दौरान यात्रियों से कहा गया कि “मरना है तो मरो, बस नहीं रोकेंगे।” हालांकि, यह शिकायत में दर्ज यात्री का आरोप है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

अचानक ड्राइवर की सीट के पास उठीं लपटें

शिकायत के अनुसार, कुछ देर बाद ड्राइवर की सीट के पास से अचानक तेज आग की लपटें निकलने लगीं। यात्रियों ने शोर मचाकर बस रोकने के लिए कहा। देखते ही देखते आग बस के दूसरे हिस्सों तक फैलने लगी और अंदर धुआं भर गया। बस रुकने के बाद सुनील कुमार और कई अन्य यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

आग और धुएं में फंस गए कई यात्री

सुनील के मुताबिक, आग तेजी से फैलने और धुआं भरने के कारण कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए। इस हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आग कैसे लगी और यात्रियों की सूचना के बाद बस क्यों नहीं रोकी गई।

Location :  Greater Noida

Published :  24 September 2026, 2:04 PM IST

Related News

Advertisement