‘पैर फिसल गया’ कहकर बुलाया, पहुंचे तो खून से लथपथ मिली बेटी…मेरठ में विवाहिता की मौत के बाद बवाल

मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में विवाहिता निदा उर्फ सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने इसे फर्श पर पैर फिसलने से हुआ हादसा बताया है, जबकि मायके वालों ने मारपीट और गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 12 July 2026, 6:08 PM IST
google-preferred

Meerut: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। ससुराल पक्ष का दावा है कि महिला की मौत फर्श पर पैर फिसलने से सिर में लगी गंभीर चोट के कारण हुई, जबकि मायके वालों ने इसे हत्या बताते हुए मारपीट और गला दबाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पति समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

फोन पर कहा- पैर फिसल गया

जानकारी के मुताबिक, लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमद नगर गली नंबर-2 निवासी शाहवेज की शादी छह वर्ष पहले किदवई नगर निवासी निदा उर्फ सोनी से हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। रविवार दोपहर शाहवेज ने महिला के मायके फोन कर बताया कि निदा का पैर फिसल गया है और उसके सिर में गंभीर चोट लगी है। परिजन जब ससुराल पहुंचे तो उन्होंने महिला का शव घर के फर्श पर पड़ा देखा। आसपास खून फैला हुआ था। जिससे परिवार के लोगों का शक और गहरा गया।

मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका के परिजनों का आरोप है कि निदा के हाथ-पैर पर चोट के निशान थे और गले पर भी दबाव के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला के साथ मारपीट करने के बाद उसकी हत्या की गई और इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।

मेरठ में बारिश बनी काल: व्यक्ति और उसके घोड़े की पानी में डूबने से मौत, चौकी इंचार्ज ने जान पर खेलकर निकाला शव, Video

हंगामे के बीच फरार हुआ ससुराल पक्ष

घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष से जवाब मांगा, जिसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी दौरान पति शाहवेज और अन्य ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस और सीओ कोतवाली संग्राम सिंह मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पति व अन्य परिजनों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर ही पता चलेगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Meerut

Published :  12 July 2026, 6:08 PM IST

Related News

Advertisement