हिंदी
फतेहपुर के खागा में महिला के फांसी लगाने का मामला सामने आया है। मायका पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मामले की जांच पड़ताल करने के बाद एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फतेहपुर में महिला ने लगाई फांसी
Fatehpur: जनपद के खागा में एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। महिला के मायका पक्ष ने दहेज प्रताड़ना एवं खाना अच्छा न बनाने को लेकर ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान रश्मि पुत्री धर्मेंद्र सिंह निवासी ग्राम सड़वापर जनपद कौशांबी के रूप में हुई है। महिला विजयीपुर पूर्व ब्लाक प्रमुख की पुत्रवधू थी।
जानकारी के अनुसार खागा नगर स्थित नई बाजार निवासी पूर्व विजयीपुर ब्लाक प्रमुख महेंद्र प्रताप सिंह के पुत्र आदित्य प्रताप सिंह की शादी 2 नवंबर 2025 को धर्मेंद्र सिंह की पुत्री कोमल उर्फ रश्मि सिंह निवासी ग्राम सड़वापर जनपद कौशांबी के साथ हुआ था।
मायका पक्ष का आरोप है कि शादी में 23 लाख रुपए का दहेज दिया था, उसके बावजूद भी बेटी के ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे और बेटी को आए दिन ताना मारते थे जबकि शादी के मात्र एक महीना दो दिन ही हुए हैं। मायका पक्ष का ये भी कहना है कि बेटी खाना बनाती थी, जिस पर ससुराल पक्ष के द्वारा अच्छा खाना न बनाने को लेकर उसे ताना भी दिया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को मारा गया है।
मृतका रश्मि के पिता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की फांसी लगाकर हत्या की गई है या फिर जहर देकर मारा गया है। यह घटना रात को घटी थी या सुबह हुई यह भी पता नहीं है, क्योंकि ससुराल वाले सुबह जल्दी रश्मि को उपचार करने के लिए प्रयागराज जनपद के स्वरूप रानी हॉस्पिटल ले गए थे जहां पर उसकी मौत हो गई है।
उन्होंने बताया कि उन्हें कोई भी जानकारी नहीं दी गई और मौत होने के बाद पता चला। उन्होंने बताया कि बेटी का पोस्टमार्टम प्रयागराज में कराया जा रहा है, अभी वह लोग खागा कोतवाली में शिकायत करने आए हैं उसके बाद बेटी के शव आने का इंतजार करेंगे। वहीं उन्होंने बताया कि शव खागा आएगा कि नहीं यह भी कह पाना अभी बड़ा मुश्किल है।
मृतका की माँ कुसुम का कहना है कि उन्होंने 23 लाख रुपए खर्च करके बेटी की एक माह पूर्व शादी की थी, क्या पता था की बेटी नहीं बचेगी। उन्होंने बताया कि अपनी हैसियत से बढ़कर शादी में खर्च किया था जबकि उसकी तीन और बेटियां हैं।
इस मामले में खागा कोतवाल रमेश पटेल का कहना है कि मृतका के पिता के द्वारा तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की जांच पड़ताल करने के बाद एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभी शव प्रयागराज में है। खागा आने के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यूपी में वर्ष 2007 में खागा तहसील क्षेत्र के विजयीपुर ब्लॉक से महेंद्र प्रताप सिंह ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुए थे। फिलहाल महेंद्र प्रताप सिंह अपना दल (एस) अनुप्रिया पटेल की पार्टी में शामिल है तथा उनके पुत्र. एवं मृतका कोमल उर्फ़ रश्मि के पति आदित्य प्रताप सिंह जिला उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। आदित्य प्रताप सिंह पेट्रोल टंकी एवं ईट भट्टा का कारोबार करते हैं।