हिंदी
Symbolic Photo
Hapur: हापुड़ में एक शादी उस वक्त सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गई जब जयमाला के दौरान दूल्हा अचानक स्टेज पर गिर पड़ा। कुछ ही मिनटों में खुशी का माहौल अफरातफरी में बदल गया। दूल्हे की तबीयत बिगड़ने के साथ ही आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए, गोली लगने तक की अफवाह फैल गई और आखिरकार मामला इतना बिगड़ा कि शादी टूट गई। सुबह होते-होते यह रिश्ता 14 लाख रुपये के समझौते में खत्म हो गया और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
जयमाला के दौरान बिगड़ी तबीयत
मामला हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित एक मैरिज हॉल का है। जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के विजय नगर निवासी मिंटू की बारात शनिवार शाम यहां पहुंची थी। शादी में सब कुछ सामान्य चल रहा था और दूल्हा खुशी-खुशी डांस भी कर रहा था। लेकिन जैसे ही जयमाला का समय आया, अचानक उसे चक्कर आया और वह स्टेज पर ही गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाया गया दूल्हा
दूल्हे के गिरते ही शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। परिजन और दोस्त तुरंत उसे गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। बाद में उसके दोस्तों ने बताया कि हाई ब्लड प्रेशर की वजह से उसकी तबीयत बिगड़ी थी और अब वह सामान्य है।
नशे के आरोप और बवाल
इसी बीच दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पर नशे में होने का आरोप लगा दिया। बात इतनी बढ़ गई कि लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और बारात को रोक लिया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा।
गोली लगने की अफवाह से मची सनसनी
घटना के दौरान किसी ने दूल्हे को गोली लगने की अफवाह फैला दी, जिससे और ज्यादा हड़कंप मच गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में यह खबर पूरी तरह झूठी निकली।
14 लाख में हुआ समझौता, बिना दुल्हन लौटी बारात
मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। अंततः रविवार सुबह थाने में समझौता हो गया, जिसमें दूल्हा पक्ष ने शादी में हुए खर्च के तौर पर 14 लाख रुपये देने की बात मान ली। इसके बाद विवाद खत्म हुआ और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
पुलिस ने क्या कहा
सीओ वरुण कुमार मिश्रा के अनुसार, मामले में कोई आपराधिक घटना नहीं पाई गई। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है और अब विवाद समाप्त हो गया है।
Location : Hapur
Published : 27 April 2026, 5:56 AM IST
Topics : Hapur wedding UP News Viral News Wedding Drama