15 करोड़ हस्ताक्षरों के साथ सरकार तक पहुंची गो सम्मान की आवाज, मिर्जापुर में सौंपा गया ज्ञापन

गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के तहत मिर्जापुर में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अभियान से जुड़े लोगों ने दावा किया कि देशभर से 15 करोड़ से अधिक और मिर्जापुर से करीब 3.93 लाख हस्ताक्षर जुटाकर सरकार तक पहुंचाए गए हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 27 July 2026, 8:33 PM IST
google-preferred

Mirzapur : गोमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर देशभर में चल रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण में सोमवार को मिर्जापुर में बड़ी संख्या में संत, गौसेवक, किसान, व्यापारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एकजुट हुए। अभियान के तहत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र और ज्ञापन सौंपा गया। अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों का दावा है कि इस बार देशभर से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों का समर्थन मिला है, जबकि अकेले मिर्जापुर जिले से करीब 3,92,991 लोगों ने हस्ताक्षर कर अभियान का समर्थन किया है। आयोजन के दौरान पूरे कार्यक्रम में धार्मिक आस्था और जनभागीदारी का माहौल देखने को मिला।

पूजन, शंखनाद और प्रार्थना यात्रा से हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत गोमाता के पूजन, शंखनाद और "श्री राम जय राम जय जय राम" के सामूहिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इसके बाद गोभक्तों ने शांतिपूर्ण प्रार्थना यात्रा निकाली। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की झांकी, गोमाता की झांकी और हस्ताक्षर अभियान का प्रतीकात्मक प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची, जहां संत-महात्माओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में रखी गईं कई प्रमुख मांगें

अभियान के आयोजकों ने बताया कि पिछले छह महीनों से देशभर में संतों और गौसेवकों के नेतृत्व में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। ज्ञापन में गोहत्या निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, केंद्रीय गो-चारा नीति लागू करने तथा कृषि, पर्यावरण, शिक्षा और चिकित्सा समेत 30 से अधिक मांगें शामिल की गई हैं। प्रतिनिधियों का कहना है कि गोमाता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं, इसलिए उनसे जुड़े विषयों को राष्ट्रीय नीति में प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर भीषण जाम: मिर्जापुर में भीम आर्मी के चक्का जाम से मचा हड़कंप, जानिए क्या है कार्यकर्ताओं की मांग!

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा अभियान

अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि यह पूरी तरह लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से चलाया जा रहा जनआंदोलन है और मांगें पूरी होने तक चरणबद्ध कार्यक्रम जारी रहेंगे। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। कार्यक्रम में राज महेश्वरी, विद्याभूषण, रामचंद्र शुक्ल, सत्य प्रकाश, दिनेश प्रकाश, माता सहाय, गोपाल, संतोष दुबे, श्रीकृष्ण पटेल, अभय मिश्रा, बृजेश गुप्ता, राहुल जैन, भोला पांडे, हरिशंकर, अनिल गुप्ता, अनिलेश स्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज, प्रवीण, अभिषेक, अर्जुन राम तिवारी, सपना सिंह, गणेश तिवारी, नारायण राठी, राजकुमार गुप्ता, सौम्या त्रिपाठी, राम सिंह सहित बड़ी संख्या में संत, सामाजिक कार्यकर्ता, किसान, व्यापारी, मातृशक्ति और गोभक्त मौजूद रहे।

Location :  Mirzapur

Published :  27 July 2026, 8:33 PM IST

Related News

Advertisement