Mirzapur News: दिन में रेकी, रात में चोरी… मिरजापुर में पकड़ा गया अंतरराज्यीय गैंग, 65 लाख के गहने बरामद

मिरजापुर पुलिस ने अंतरराज्यीय खरवार गैंग के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब 65 लाख रुपये के चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिन में शहद और खिलौने बेचने के बहाने घरों व सर्राफा दुकानों की रेकी करते थे और रात में चोरी करते थे।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 26 October 2026, 6:37 PM IST
google-preferred

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिरजापुर में पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय खरवार गैंग के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य दिन में शहद या खिलौने बेचने के बहाने घरों और सर्राफा दुकानों की रेकी करते थे और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

दिन में रेकी, रात में चोरी; पुलिस ने ऐसे किया खुलासा

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के लालगंज, बेलन बरौधा, आमघाट और रेलवे स्टेशन के आसपास हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही थी। कोतवाली कटरा क्षेत्र में रोडवेज के पास रेलवे कॉलोनी के पीछे स्थित एक सर्राफा दुकान में सेंध लगाकर आभूषण चोरी किए गए थे। इस मामले में दुकानदार रोहित कुमार विश्वकर्मा ने 23 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी।

गोरखपुर : विधायक निधि की सीसी रोड का बदला रूट, शिलापट्ट पर दर्ज है पुराना रास्ता

इसके बाद कोतवाली कटरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 25 अक्टूबर 2026 को आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से करीब 65 लाख रुपये के आभूषण के अलावा पेचकस, प्लास, रम्भा, हथौड़ा और छेनी जैसे उपकरण भी मिले हैं।

Mirzapur Crime

गिरफ्तार आरोपी (Image Source: Dynamite News)

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के पास बनाते थे ठिकाना

पुलिस पूछताछ के मुताबिक, गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के आसपास तिरपाल व मच्छरदानी लगाकर रहते थे। सोनभद्र, भदोही और प्रयागराज समेत कई इलाकों में घूमते हुए वे दिन के समय शहद या खिलौने बेचने के बहाने घरों और सर्राफा दुकानों की पहचान करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में चोरी की वारदात को अंजाम देकर गहने, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के आभूषण बेचने से मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान में इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के साथ उनकी कद-काठी और हाथों पर बने टैटू जैसे सुरागों ने भी मदद की। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर ठिकाना बदलते रहते थे, जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था।

UP Politics: चुनाव से पहले चंद्रशेखर आजाद का बड़ा संदेश, बोले- पार्टी की असली ताकत कार्यकर्ता

जज के घर चोरी की जांच से भी मिले सुराग

पुलिस के अनुसार, जिगना थाना क्षेत्र में एक न्यायिक अधिकारी के घर हुई चोरी की घटना के खुलासे के बाद जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिली। इसके बाद पुलिस टीम लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कटरा, मड़िहान, लालगंज, राजगढ़, जिगना और संतनगर थाना क्षेत्रों में भी मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम खरवार, प्रेम मांझी, प्रेम खरवार, राजकुमार खरवार, चैम्पियन कुमार, बीरेन्द्र कुमार, विकास कुमार और आनंद कुमार खरवार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद आभूषणों की कीमत पुलिस के मुताबिक करीब 65 लाख रुपये है।

Location :  Mirzapur

Published :  26 October 2026, 6:37 PM IST

Related News

Advertisement