
गोरखपुर में हिंसक झड़प (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: सहजनवां थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें भी आई हैं। पुलिस ने मामले में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 31 मई 2026 की रात लगभग 9:30 बजे सहजनवां क्षेत्र के टिकरियाखोर गांव में रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दोनों ओर से लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही सहजनवां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर थाना सहजनवां में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए और मामले की जांच शुरू की गई।
गोरखपुर में महिला से छेड़खानी करनी पड़ी भारी, मनचले भी रखेंगे याद
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सहजनवां के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में धर्मेन्द्र उर्फ बब्लू कन्नौजिया, आदित्य कन्नौजिया निवासी टिकरियाखोर थाना सहजनवां तथा सुनील कुमार उर्फ सोनू निवासी अमरहा थाना धर्मसिंहवा जनपद संतकबीर नगर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, धर्मेन्द्र उर्फ बब्लू कन्नौजिया एवं आदित्य कन्नौजिया के विरुद्ध मु0अ0सं0 269/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 109, 352 एवं 351(3) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं सुनील कुमार उर्फ सोनू के विरुद्ध मु0अ0सं0 270/2026 में धारा 109 के तहत कार्रवाई की गई है।
Gorakhpur News: गोरखपुर में पुरानी दुश्मनी का खौफनाक अंजाम, ये मिली सजा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Location : Gorakhpur
Published : 2 June 2026, 2:20 AM IST