हिंदी
Kushinagar: कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नैका छपरा टोला अम्मरपुर निवासी निशांत सिंह उर्फ शक्तिमान सिंह की हत्या की घटना को लेकर क्षेत्र में शोक व आक्रोश का माहौल है। इस जघन्य हत्या को अत्यंत दुःखद, निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शनिवार को कुशीनगर सांसद विजय कुमार दूबे एवं हाटा विधायक मोहन वर्मा मृतक के परिजनों से मिले और उन्हें ढांढस बंधाया।
सांसद विजय कुमार दूबे ने शोकाकुल परिजनों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस जघन्य अपराध में संलिप्त सभी दोषी अभियुक्तों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सांसद ने मौके पर उपस्थित क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन सिंह एवं थाना अध्यक्ष कसया अभिनव मिश्रा से वार्ता कर अभियुक्तों पर एनएसए सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी दिए। दूरभाष पर जिला अधिकारी कुशीनगर से वार्ता कर हर संभव मदद दिलाने के लिए निर्देशित किया।
सांसद श्री दूबे ने कहा कि वह स्वयं मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से मिलकर पूरे घटना के बारे अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दंडात्मक प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि जनपद की शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था को भंग करने वालों को कड़ा संदेश दिया जा सके। उन्होंने कहा कि कुशीनगर की शांतिपूर्ण सामाजिक परंपरा को बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अराजकता को कदापि स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हाटा सुधीर राव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि कुशीनगर राकेश जायसवाल, चमन यादव, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अमरनाथ मद्धेशिया, विनोद कुमार गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राजेश राव, मुकेश कुमार राव, सांसद मीडिया प्रभारी निखिल उपाध्याय, रामानुज मिश्रा, राणा विजय सिंह, रामबचन सिंह, उदयभान सिंह, डॉ. रविश सिंह, आशुतोष पाण्डेय, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष चंद्रप्रभा पांडे, सुमित त्रिपाठी, सीता गुप्ता, रूपम सिंह, पवन दुबे, विकास पांडे, अजय पाण्डेय, अजय गुप्ता, विनोद गिरी, आदित्य मिश्रा, अविनाश पांडे, गोपाल राव, सूरज वर्मा, चन्दन शर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं कसया थाना की पुलिस टीम उपस्थित रही।
Location : Kushinagar
Published : 3 January 2026, 6:49 PM IST
Topics : family Kushinagar MP Muder Vijay Kumar Dubey