Gorakhpur News: मामा के घर आया था भांजा, पसरा मातम: नहाने गए युवक की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत

गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के सरया तिवारी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अपने मामा के घर रह रहा युवक बेलदार गांव के पास स्थित तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के खजनी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

तालाब पर नहाने गया था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिथुन बेलदार (27 वर्ष) पुत्र ध्रुवनाथ, मूल रूप से ग्राम रामपुर गरथौली, थाना हरपुर बुदहट का निवासी था। वह पिछले कुछ समय से अपने मामा बेचन पुत्र सहदेव के घर ग्राम सरया तिवारी, थाना खजनी में रह रहा था। शनिवार को वह गांव के पास स्थित तालाब पर नहाने गया था। इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Gorakhpur News: 9 माह की मासूम के साथ दरिंदगी, जानिए किसने किया अमानवीय कृत्य

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर सील कर दिया और पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर की मर्चरी भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला तालाब में नहाने के दौरान डूबने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

आए दिन होती हैं ऐसी दुर्घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में युवक और बच्चे तालाबों व जलाशयों में नहाने के लिए पहुंचते हैं, जिससे इस प्रकार की दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। युवक की असमय मौत से परिवार और गांव दोनों गहरे सदमे में हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  20 June 2026, 7:59 PM IST

Advertisement