हिंदी
यूपी में घने कोहरे का कहर
Lucknow: उत्तर प्रदेश में बदले हुए मौसम और ठंड के बीच सुबह शाम कोहरे का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग की ओर से रविवार के लिए तराई इलाकों के 19 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी में अभी ठंड अपना सितम ढायेगी। अगले 3 से 4 दिनों में यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। इससे ठंड और भी बढ़ेगी। इस दौरान दिन का तापमान भी लुढ़केगा।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में घना कोहरा रहने के आसार हैं और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल क्षेत्र में कहीं घना कोहरा तो कहीं अधिक घना कोहरा रहने की संभावना जताई जा रही है। इस वजह से दृश्यता कम रहेगी।
इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को 8 जिलों में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा आ सकता है। इन जिलों में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर शामिल है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार की सुबह कोहरे की चादर तनी रहेगी. धीरे-धीरे यह कहर और बढ़ेगा. आज यहां न्यूनतम तापमान 12 और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में थोड़ी कमी जरूर आएगी. वहीं बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो आज वहां भी सुबह सवेरे कोहरा दिखेगा. यहां न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। कानपुर में न्यूनतम तापमान 6.4 और बाराबंकी में 7 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में मामले में झांसी 26.9 डिग्री के साथ सबसे ऊपर रहा।
बहराइच में अधिकतम तापमान 26.8 और और गोरखपुर व प्रयागराज में 26.4 डिग्री रहा। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम 10.5 डिग्री रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि शनिवार को सबसे कम दृश्यता मुरादाबाद, वाराणसी, बलिया, आजमगढ़, कानपुर और कुशीनगर में 50 मीटर दर्ज की गई। शाहजहांपुर और गोरखपुर में दृश्यता 100 मीटर और राजधानी लखनऊ में 400 मीटर दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी ऑरेंज अलर्ट रहेगा और कोहरे का असर रहेगा। दो दिन बाद कोहरे से राहत मिल सकती है लेकिन तापमान में गिरावट भी शुरू हो जाएगी।
पछुआ हवाओं के असर की वजह से ठंड भी बढ़ेगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को तराई इलाकों में घना कोहरा रहा तो वहीं पूर्वांचल में बलिया से लेकर अयोध्या तक घना कोहरा दर्ज किया गया।
तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई जो अगले एक से दो दिन में और बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि दो दिन बाद से तापमान में गिरावट आना शुरू हो जाएगी और ठंड का असर भी दिखाई देने लगेगा। इस दौरान कोहरे का असर कुछ कम होगा।
यहां भी दिखेगा मध्यम कोहरा
इसके अलावा आज बलिया, मऊ, आजमगढ़, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गोंडा, बाराबंकी, बरेली, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बलरामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर और श्रावस्ती में भी मध्यम से हल्का कोहरा नजर आ सकता है।
इसके अलावा वाराणसी और आस पास के कई जिलो में भी आज दिन की शुरुआत कोहरे से ही होगी। बात इन जिलो में तापमान की करें तो यहां अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। हालांकि अगले 48 घंटे इसमें कोई खास बदलाव के आसार नहीं है।
Location : Lucknow
Published : 14 December 2025, 6:37 AM IST
Topics : IMD Masum News SnowFall UP Weather Update