हिंदी
यूपी में मानसून का सुपर रिटर्न (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर प्रचंड रूप में लौट आया है। आसमान से बरसती आग और चिपचिपाहट भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत तो मिली है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है।
मानसूनी ट्रफ लाइन के बदलने और बिहार, राजस्थान व हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के दबाव से प्रदेश में नमी का स्तर बहुत ऊंचा पहुंच गया है। इसके प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के एक बड़े हिस्से में मेघ गर्जन और तूफानी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने राज्य के 46 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और हमीरपुर जैसे जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।
वहीं, राजधानी लखनऊ, बाराबंकी, गोरखपुर और वाराणसी समेत 40 अन्य जिलों में यलो अलर्ट घोषित है। 5 अगस्त को पूरे प्रदेश में जबकि 6 अगस्त को खास तौर पर पश्चिमी यूपी में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के आसार हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान कन्नौज के छिबरामऊ में सबसे ज्यादा 125 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बहराइच के नानपारा में 104 मिमी, अयोध्या में 94.8 मिमी और कानपुर नगर में 75 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
उत्तर प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून: लखनऊ से आगरा तक आफत या राहत? मौसम विभाग का नया अलर्ट जारी
राजधानी लखनऊ में भी 66.6 मिमी पानी बरसा है। हालांकि, इस भारी बारिश के बावजूद प्रदेश में 1 जून से 4 अगस्त तक की कुल बारिश सामान्य से 27% कम (281.6 मिमी) रही है, जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर 387.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी।
Location : Lucknow
Published : 5 August 2026, 7:48 AM IST