हिंदी
झमाझम बारिश से तरबतर हुआ यूपी (सोर्स-Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून इन दिनों पूरी तरह मेहरबान है। पिछले तीन-चार दिनों से लगातार हो रही बारिश ने लोगों को भीषण उमस और चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत दी है। बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी और सक्रिय मानसूनी सिस्टम के असर से राज्य के कई हिस्सों में बादलों का डेरा डला हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी एक अगस्त तक प्रदेशभर में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
बीते मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बादलों ने सबसे ज्यादा मेहरबानी दिखाई और यहां सर्वाधिक 80 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सहारनपुर में 79 मिमी, लखीमपुर खीरी में 65.4 मिमी, श्रावस्ती में 60.6 मिमी, कन्नौज में 57.2 मिमी, चित्रकूट में 52 मिमी और मैनपुरी में 50 मिमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इन तमाम इलाकों में बुधवार को भी झमाझम बरसात का सिलसिला बने रहने के पूरे संकेत हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी बुधवार को राज्य के कई जिलों में बादलों के गरजने, आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। खास तौर पर बांदा, चित्रकूट, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, हमीरपुर, महोबा और झांसी में भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा फतेहपुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई और कानपुर नगर समेत लगभग 42 जिलों में मौसम का मिजाज सख्त रहेगा और मध्यम से भारी बरसात हो सकती है।
राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में भी पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। मंगलवार को सुबह से ही छाए बादलों और गोमतीनगर व एयरपोर्ट क्षेत्र में हुई बरसात की वजह से तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के लगभग 40 जिलों में अधिकतम पारा 36 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी सुकून मिला है।
ये भी पढ़ें-Weather Update UP: यूपी में मौसम लेगा करवट, इन जिलों में झमाझम बारिश की आशंका
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बुधवार सुबह 8:30 बजे से गुरुवार सुबह 8:30 बजे के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। विशेषकर ललितपुर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, यह राहत का दौर ज्यादा लंबा नहीं खिंचेगा क्योंकि दो अगस्त से मौसम के मिजाज में बदलाव आने की संभावना है और मानसून अगले तीन-चार दिनों के लिए थोड़ा कमजोर पड़ सकता है।
Location : Lucknow
Published : 29 July 2026, 7:56 AM IST