अब सरकारी राशन की दुकान पर भी होगी वोटरों की तलाश! यूपी में चुनाव आयोग ने उठाया बड़ा कदम

उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग राशन कार्ड, पंचायत और नगरीय निकाय की वोटर लिस्ट से छूटे मतदाताओं की तलाश करेगा। युवा और महिला वोटरों के पंजीकरण के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 5 November 2026, 2:44 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चुनाव आयोग ने छूटे हुए पात्र मतदाताओं की तलाश तेज कर दी है। अब राशन कार्ड से लेकर पंचायत और नगरीय निकायों की वोटर लिस्ट तक का सहारा लेकर ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जो 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीएम) को निर्देश जारी कर मतदाता सूची को पुख्ता करने के लिए व्यापक अभियान चलाने को कहा है।

पंचायत और निकाय की वोटर लिस्ट से भी तलाशे जाएंगे नाम

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची को लेकर भी सवाल उठे थे। विधानसभा और पंचायत-नगरीय निकाय की मतदाता सूचियों में दर्ज मतदाताओं की संख्या के बीच करीब चार करोड़ का अंतर सामने आया था। इस अंतर को देखते हुए अब चुनाव आयोग ने अधिकारियों को दोनों सूचियों का मिलान करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के निर्देश के मुताबिक, पंचायत और नगरीय निकाय की मतदाता सूची में शामिल ऐसे नागरिकों की पहचान की जाएगी, जो विधानसभा की वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं हैं। यदि वे मतदाता बनने की निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं तो उनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अखिलेश यादव का बड़ा दावा- यूपी में कट गए 1.27 करोड़ हिंदू वोट, चुनाव आयोग पर भी निशाना

युवा वोटरों को जोड़ने के लिए स्कूल-कॉलेजों में अभियान

मतदाता सूची में नए युवा वोटरों को शामिल करने के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब को सक्रिय किया जाएगा। इस अभियान में कक्षा नौ से ऊपर के विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। खास तौर पर 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के उन छात्र-छात्राओं की पहचान की जाएगी, जो मतदाता बनने की पात्रता रखते हैं, लेकिन अभी तक उनका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं है। युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), नेहरू युवा केंद्र, युवक मंगल दल और भारत स्काउट एंड गाइड का भी सहयोग लिया जाएगा।

SIR विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, यूपी की गड़बड़ियों पर चुनाव आयोग ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

महिला वोटरों के पंजीकरण पर भी रहेगा जोर

चुनाव आयोग ने महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए भी विशेष रणनीति तैयार की है। इसके तहत आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की मदद ली जाएगी। इनकी सहायता से घर-घर सर्वे कराया जाएगा, ताकि ऐसी पात्र महिलाओं की पहचान की जा सके, जिनका नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है। सर्वे के दौरान चिह्नित महिलाओं से फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इस तरह राशन कार्ड, पंचायत और नगरीय निकाय की मतदाता सूची, शैक्षणिक संस्थानों तथा घर-घर सर्वे के जरिए छूटे हुए पात्र मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी है।

Location :  Lucknow

Published :  5 November 2026, 2:44 PM IST

Related News

Advertisement