हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय दैनिक मजदूर की मौत हो गई। पेड़ की डाल काटते समय अचानक नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण उसे आनन-फानन में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान मिश्रौलिया गांव निवासी राजकुमार चौहान पुत्र श्रीपत चौहान के रूप में हुई है। वह दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार सुबह वह गांव के संजय सिंह के पेड़ पर चढ़कर उसकी डाल काट रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
बस्ती: शिक्षा विभाग के भीतर कथित अनियमितताओं को लेकर सनसनीखेज मामला सामने आया है। संतकबीरनगर में मूल रूप से तैनात कनिष्ठ सहायक (बाबू) आलोक कुमार की बस्ती स्थित संयुक्त शिक्षा निदेशक (JD) कार्यालय में कथित तौर पर अवैध रूप से तैनाती और मलाईदार कार्यों को संभालने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
कासगंज। विकास कार्यों में कथित कमीशन के बंटवारे को लेकर वायरल वीडियो से चर्चा में आए पटियाली के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संजीव कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। निलंबन के बाद अब उनके खिलाफ पटियाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। जिला विकास अधिकारी, कासगंज की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352, 351(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की है। तहरीर में बीडीओ पर अपने अधीनस्थ कर्मचारी से अवैध रूप से धनराशि मांगने, अश्लील गाली देने और जेल भेजने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

महराजगंज: कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा-परसौनी गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुई मारपीट और चक्का जाम के मामले में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार देर रात कोल्हुई के थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है, और उनकी जगह अब अभय नारायण सिंह को कोल्हुई थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बुधवार की रात पिपरा-परसौनी में विसर्जन जुलूस के दौरान आपसी मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया था। प्रदर्शनकारियों ने दुर्गा प्रतिमा से लदी ट्रॉली को बीच सड़क पर खड़ा कर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ फरेंदा, सीओ निचलौल, एसडीएम फरेंदा और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद बमुश्किल प्रतिमा का विसर्जन कराया जा सका था, जिसके बाद अब लापरवाही बरतने पर थानेदार पर गाज गिरी है।

सिद्धार्थनगर। शनिवार को उसका बाज़ार थाने में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने खुद मौजूद रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। थाना दिवस में जमीन विवाद, चकबंदी, विरासत, कागज़ों में गड़बड़ी, पारिवारिक विवाद और पुलिस से जुड़ी 15 से अधिक शिकायतें आईं। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निपटारा करा दिया। बाकी मामलों के लिए राजस्व और पुलिस की टीम बनाकर जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने तहसीलदार नौगढ़ और लेखपालों को निर्देश दिया कि जमीन से जुड़े मामलों में मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी को निर्देश दिया कि पुलिस से जुड़े सभी प्रार्थना पत्रों का सही तरीके से निस्तारण कर पीड़ितों को न्याय दिलाएं। इस मौके पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, तहसीलदार नौगढ़, थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी, उसका ब्लॉक के सभी लेखपाल और राजस्व व पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

कन्नौज: सदर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हिंदुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पाल देश बंधु, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव का पुतला फूंकने के लिए वहां पहुंचे।
आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद सपाइयों ने उनके साथ हाथापाई की और उन्हें थप्पड़ मारते हुए सड़क पर पटककर मारपीट की। यह भी दावा किया जा रहा है कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सपा नेत्री शशिमा सिंह दोहरे द्वारा वायरल किए जाने की बात कही जा रही है। घटना के संबंध में सपा समर्थक राजू यादव का पक्ष भी सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बदायूं: सहसवान-बिसौली रोड पर ग्राम सुल्तानपुर के पास एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर सहसवान कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सहसवान पहुंचाया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान 55 वर्षीय सनोज की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों (आकाश और मंजू) का इलाज जारी है।
मृतका और घायल सभी बिसौली थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
झांसी के गुरसराय थाना क्षेत्र में शाम करीब 8 बजे अपनी सहेली के यहा घर को लौट रही युवती के साथ सरेराह जबरन ले जाने एवं मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवक युवती को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे। युवती के विरोध करने पर उसे सड़क पर पटककर पीटा गया, जिससे वह लहूलुहान हो गई। घायल युवती को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गुरसराय लाया गया। वहीं, युवती को बचाने पहुंचे जैन समाज के अध्यक्ष और एक फौजी के साथ भी गाली गलौज को जान से मारने की धमकी किए जाने का आरोप है।

उत्तर प्रदेश की कालीन नगरी भदोही के दो प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आगामी दिसंबर महीने में असम के तेजपुर विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता से पहले प्रोफेसर राजेंद्र सिंह 'रज्जू भैया' विश्वविद्यालय, प्रयागराज में चयन ट्रायल का आयोजन किया गया था, जहाँ इन दोनों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपना स्थान पक्का किया। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से उनके परिवार, सगे-सम्बन्धियों और पूरे गाँव में खुशी और हर्ष का माहौल है।

रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के बरहुवां के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महराजगंज ले जाया गया, जहां दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई। मृतकों में एक की पहचान अमित कुमार सिंह निवासी पखनपुर के रूप में हुई है, जो कोटेदार बताए जा रहे हैं। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे व्यक्ति का उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के रामनाथ देवरिया मोहल्ला निवासी विनायक विश्वकर्मा के साथ 22 अक्टूबर को 9:45 से लेकर 12:00 दिन में कथित तौर पर 8.80 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शुक्रवार की रात करीब नौ बजे साइबर क्राइम थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ लोगों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज दिखाकर उनके बैंक खाते से करीब 8.80 लाख रुपये की रकम निकाल ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है, ताकि ठगी के तरीके और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

मिर्जापुर: विकासखंड पटेहरा के परमापुर जलागम क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य कृषि विकास योजना (SADP) के तहत ICRISAT द्वारा संचालित जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन परियोजना का मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान ICRISAT टीम के आर. के. उत्तम और डॉ. अशोक शुक्ला ने परियोजना की प्रगति की जानकारी दी।
टीम ने बताया कि 2025–26 से 2028–29 तक चलने वाली इस परियोजना का कुल क्षेत्रफल 7,996 हेक्टेयर है, जिसके तहत 23 गांवों में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस परियोजना की कुल लागत ₹1,692 लाख है, जिसका मुख्य उद्देश्य वर्षा जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, सूखे के असर को कम करना और किसानों के बीच जलवायु-अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है।

आगरा के थाना हरिपर्वत क्षेत्र स्थित पालीवाल पार्क के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। यह घटना सुबह के समय हुई, जब लोग टहलने के लिए निकले हुए थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और एहतियात के तौर पर सड़क पर बैरिकेडिंग लगाकर आवाजाही को रोक दिया। इस अचानक हुए हादसे के बाद सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, और स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से इस मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
आगरा शिक्षक एमएलसी चुनाव में गड़बड़ियों और शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने 3 बूथों पर दोबारा मतदान कराने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत बूथ संख्या 20 (खेरागढ़ तहसील कैंपस), बूथ संख्या 21 (सैंया क्षेत्र पंचायत कार्यालय) और बूथ संख्या 26 (फतेहाबाद क्षेत्र पंचायत कार्यालय) पर फिर से वोटिंग की संस्तुति की गई है। पुनर्मतदान का यह प्रस्ताव अंतिम निर्णय के लिए भारत निर्वाचन आयोग को भेज दिया गया है, और अब आयोग के फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
सुल्तानपुर के चांदा कोतवाली क्षेत्र के साढ़ापुर गांव में जहरीले सांप के काटने से 18 वर्षीय दीपिका की मौत हो गई। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे सोते समय उसे सांप ने काट लिया था। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया। मृतका के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
Location : Lucknow
Published : 24 October 2026, 12:27 PM IST