हिंदी
कांग्रेस का प्रदर्शन,
Raebareli News: रायबरेली में कांग्रेस पार्टी ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और सरकार विरोधी नारों से माहौल गरमा दिया। प्रदर्शन के दौरान मोदी सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीतिक द्वेष के तहत कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी को लगातार निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले की आड़ में कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बीते दस वर्षों से राहुल गांधी और सोनिया गांधी को ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों के जरिए फर्जी मामलों में फंसाया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान मनरेगा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
Maharajganj News: प्रदेश अध्यक्ष के जनपद में सैकड़ों कांग्रेसी गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला
कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि सरकार 50 दिन का रोजगार तक देने में असफल है, जबकि 125 दिन रोजगार देने का दावा कर रही है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता के मुद्दों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस पदाधिकारियों ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सत्ता के मद में चूर होकर ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) जैसी संवैधानिक संस्थाओं का खुला दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ सुनियोजित तरीके से फर्जी शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं, ताकि विपक्ष की आवाज को दबाया जा सके।
विपक्ष का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं: धीरज श्रीवास्तव
नगर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार बनी है, तब से लगातार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, "विपक्ष का मानसिक और राजनीतिक उत्पीड़न (ह्रासमेंट) किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है।" प्रदर्शन के अंत में नगर अध्यक्ष ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार को सौंपा और निष्पक्ष जांच व राजनीतिक द्वेष की भावना खत्म करने की मांग की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम कांग्रेस के इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को रखा। प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला एवं नगर कमेटी के पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Raebareli
Published : 18 December 2025, 6:10 PM IST