थार गाड़ी, नकदी छीनने और धमकी का आरोप, भाजपा नेता के करीबी समेत चार पर मुकदमा दर्ज

आगरा के ताजगंज में भाजपा जिलाध्यक्ष के करीबी पर युवक को होटल में बंधक बनाकर मारपीट, गर्म पानी डालने और 2.25 लाख रुपये व थार गाड़ी छीनने का आरोप लगा है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated : 15 May 2026, 8:48 AM IST
google-preferred

Agra: आगरा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया के करीबी बताए जा रहे शैलेंद्र चौधरी पर युवक को होटल में बंधक बनाकर मारपीट करने, गर्म पानी डालने और तमंचे के बल पर धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। थाना ताजगंज पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर शैलेंद्र चौधरी, उसके पिता देवेंद्र सिंह और दो अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

उधार के रुपये बना विवाद की जड़

रोझोली, किरावली निवासी अनीश चाहर ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले उसने धांधूपुरा निवासी शैलेंद्र चौधरी से दो लाख रुपये उधार लिए थे। पीड़ित का दावा है कि वह अब तक चार लाख रुपये चुका चुका है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार और रकम की मांग कर रहा था। अनीश के अनुसार आरोपी उस पर 6.50 लाख रुपये देने का दबाव बना रहा था।

Prayagraj: दबंगों ने जमीन पर किया कब्जा, इंसाफ न मिलने पर युवती टावर पर चढ़ी

लव पॉइंट पर बुलाकर ले गए होटल

पीड़ित ने बताया कि 5 मई को उसे बहाने से लव पॉइंट पर बुलाया गया। वहां शैलेंद्र चौधरी अपने पिता देवेंद्र सिंह और दो अन्य लोगों के साथ मौजूद था। अनीश अपनी थार गाड़ी से मौके पर पहुंचा था। आरोप है कि वहां से आरोपी उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर एक होटल में ले गए।

दो घंटे तक कमरे में रखा बंद

अनीश का आरोप है कि होटल पहुंचते ही उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित के मुताबिक शैलेंद्र चौधरी ने उसके ऊपर गर्म पानी भी डाल दिया। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।

वीडियो बनाकर बनाया दबाव

पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने होटल के कमरे में उसका वीडियो भी बनाया, ताकि बाद में उसे डराया और ब्लैकमेल किया जा सके। अनीश का कहना है कि आरोपियों ने उसकी थार गाड़ी और उसमें रखे 2.25 लाख रुपये भी गायब कर दिए। बाद में धमकी देकर उसे छोड़ा गया।

Agra: जिस स्कूल बस से कुचले गए BJP नेता उसी में बेटी को मिलेगी मुफ्त शिक्षा

पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा

अनीश ने दावा किया कि शैलेंद्र चौधरी के खिलाफ पहले भी प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। उसके पास होटल में बंद किए जाने का वीडियो भी मौजूद है, जिसे वह पुलिस को साक्ष्य के तौर पर देगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपों की पड़ताल कर रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने झाड़ा पल्ला

मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता उनका करीबी होता है। उन्होंने शैलेंद्र चौधरी को सिर्फ पार्टी कार्यकर्ता बताया और कहा कि इससे ज्यादा उनका कोई संबंध नहीं है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी।

Location :  Agra

Published :  15 May 2026, 8:48 AM IST

Advertisement