हिंदी
यूपी में मानसून का धमाकेदार आगमन (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के निवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। राज्य में मानसून की एंट्री के बाद अब कई इलाकों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने आज गुरुवार को पूरे यूपी में भारी बारिश को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है।
IMD के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी यूपी के ज्यादातर हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) के साथ झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है।
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को यूपी के बहराइच जिले में सबसे ज्यादा 113 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसने जनजीवन को प्रभावित करने के साथ ही लोगों को गर्मी से निजात दिलाई। बहराइच के अलावा बिजनौर में 95 मिमी और ललितपुर में 93 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इस साल उत्तर प्रदेश में मानसून अपने निर्धारित समय से करीब 10 दिन की देरी से पहुंचा है। मानसून ने मंगलवार को सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते यूपी में प्रवेश किया था। मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब यूपी के कई अन्य हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ गया है।
वर्तमान में मानसून की अक्षीय रेखा आजमगढ़, अयोध्या और बरेली से होकर गुजर रही है। मानसून के सक्रिय होने के कारण पूरे उत्तर प्रदेश के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। इस अलर्ट में गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, रामपुर, संभल, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, मैनपुरी, हरदोई, कन्नौज, इटावा, कानपुर, रायबरेली, उन्नाव, जौनपुर, वाराणसी, प्रतापगढ़, अमेठी समेत राज्य के लगभग सभी छोटे-बड़े जिले शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली चमकने के समय पेड़ों या कमजोर इमारतों के नीचे न खड़े होने की सलाह दी है।
Location : Lucknow
Published : 2 July 2026, 7:47 AM IST