हिंदी
दिल्ली में झमाझम बारिश से सुहाना हुआ मौसम (Img- Pinterest)
New Delhi: दिल्ली-NCR में आज सुबह से ही मौसम बहुत सुहाना बना हुआ था। ठंडी हवाओं के बीच आसमान में बादलों का डेरा था और कुछ ही देर पहले हुई झमाझम बारिश से दिल्ली वासियों को पिछले कई दिनों से परेशान कर रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 3 जुलाई तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।
आज दोपहर और शाम के समय भी तेज सतही हवाओं, गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के भीतर देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर के साथ-साथ गुजरात के सूरत, वलसाड, नवसारी, राजकोट, अमरेली और भावनगर जैसे जिलों में करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने की आशंका है।
इन क्षेत्रों में 15 मिमी प्रति घंटे से अधिक की दर से मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का गंभीर खतरा बना हुआ है, जिसके चलते प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में बादलों ने डेरा डाल लिया है। यूपी के लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, बाराबंकी और लखीमपुर खीरी सहित कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इन इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना है।
वहीं, उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी और बागेश्वर में भी 'ऑरेंज अलर्ट' के तहत भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि हरिद्वार और उत्तरकाशी जैसे क्षेत्रों में 'येलो अलर्ट' जारी कर भूस्खलन वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
Weather Update: देशभर में सक्रिय हुआ मानसून, UP समेत Delhi-NCR और कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और इंदौर समेत कई हिस्सों में अगले 5 दिनों यानी 5 जुलाई तक भारी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा। यहां 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के कारण पश्चिम बंगाल के दक्षिण और उत्तर बंगाल के जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। कोलकाता, दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 2 July 2026, 7:38 AM IST