Weather Update: देशभर में सक्रिय हुआ मानसून, UP समेत Delhi-NCR और कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

देशभर में मानसून सक्रिय हो गया है। दिल्ली-एनसीआर में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जबकि उत्तर, दक्षिण, पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 28 June 2026, 7:10 PM IST
google-preferred

New Delhi: देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून की दस्तक के साथ मौसम ने करवट ले ली है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से लोगों को राहत

दिल्ली और एनसीआर में दिनभर उमस और तेज गर्मी के बाद शाम के समय मौसम अचानक बदल गया। कई इलाकों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों तक भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।

पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में भी बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक जलभराव और नदी-नालों के उफान पर रहने की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

दक्षिण और पश्चिम भारत में सक्रिय मानसून

मुंबई में हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। चेन्नई में मौसम गर्म रहेगा, लेकिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हैदराबाद और बेंगलुरु में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बेंगलुरु का तापमान लगभग 27 डिग्री और हैदराबाद का 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पूर्वी भारत में भी बारिश का दौर जारी

कोलकाता में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है और तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। तेज आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की भी अपील की गई है।

मानसून से किसानों को मिलेगी राहत

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में मानसून और अधिक सक्रिय हो सकता है। इससे देश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलेगी और किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Location :  New Delhi

Published :  28 June 2026, 7:10 PM IST

Related News

Advertisement