हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: यूपी राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जरा-सी बेवफाई और अवैध संबंधों के चक्कर में एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया। शक और नफरत की आग में इस कदर झुलसे एक पति ने अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इस खौफनाक साजिश में पति का साथ उसकी प्रेमिका ने दिया। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का खुलासा करते हुए इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि 30 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे उमेंद्र ने अपनी पत्नी अंजली को किसी बहाने से घर के बाहर बुलाया और कार में बैठा लिया। उस वक्त उमेंद्र की प्रेमिका आरती वर्मा भी वहीं आसपास ही मौजूद थी।
कार के भीतर बैठते ही पति-पत्नी के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद शुरू हो गया जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान प्रेमिका आरती भी कार में आ धमकी। आरोप है कि इसके बाद उमेंद्र और आरती दोनों ने मिलकर बेरहमी से अंजली का गला घोंटकर उसकी जान ले ली।
इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी खूनी खेल: युवती से मिलने पहुंचे युवक ने भाई पर फावड़े से किया जानलेवा हमला
हत्या को अंजाम देने के बाद शातिर कातिलों ने शव को ठिकाने लगाने की खौफनाक योजना बनाई। उन्होंने अंजली के शव को उसकी ही साड़ी में लपेटा और उसमें भारी पत्थर बांधकर इटौंजा क्षेत्र में बहने वाली नदी में फेंक दिया। हालांकि, कातिलों की यह चालाकी धरी की धरी रह गई क्योंकि पत्थर ठीक से नहीं बंध पाया था, जिसकी वजह से कुछ ही देर में शव पानी की सतह पर उतराने लगा।
वारदात को अंजाम देने के बाद बेरहम पति उमेंद्र सीधा घर लौटा। उसने मृतका अंजली के सारे जेवर उतारे और अपनी प्रेमिका आरती को भेंट कर दिए। इसके बाद उसने अपनी शातिर चाल चलते हुए शुक्रवार की सुबह ससुराल पक्ष के लोगों को फोन पर यह झूठी सूचना दी कि अंजली देर रात से घर से कहीं चली गई है। शक से बचने के लिए वह खुद थाने पहुंचा और पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
जांच के दौरान पुलिस की सुई जब पति उमेंद्र की तरफ घूमी, तो उसकी संदिग्ध गतिविधियां खुलकर सामने आ गईं। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो उमेंद्र टूट गया और उसने अपनी प्रेमिका आरती के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कार और मृतका अंजली के जेवर भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि मड़ियांव की रहने वाली आरती वर्मा एक कॉल सेंटर में नौकरी करती थी। वह रोजाना उमेंद्र की कार से ही आना-जाना करती थी। करीब छह महीने पहले उमेंद्र खुद उसे पिक और ड्रॉप करने लगा था, जिसके चलते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और धीरे-धीरे यह मेल-जोल प्रेम संबंधों में बदल गया।
मासूमों से हैवानियत की चुकानी पड़ी कीमत… 5 और 6 साल के बच्चों से अश्लील हरकत का आरोपी गिरफ्तार
जब पति उमेंद्र के इन अवैध संबंधों की भनक उसकी पत्नी अंजली को लगी, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया। इस पर उमेंद्र ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। पति के इस जुल्म से आहत होकर अंजली अपने सात साल के मासूम बेटे पीयूष को लेकर अपने मायके चली गई थी।
कुछ समय बीतने के बाद उमेंद्र ने ससुराल पहुंचकर पत्नी को तरह-तरह के झूठे आश्वासन दिए और उसे मनाकर वापस अपने घर ले आया। अंजलि को लगा कि शायद उसका पति अब सुधर जाएगा और उसकी जिंदगी पटरी पर लौट आएगी, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस पति को वह सुधारने चली है, वही उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा कातिल बन चुका है।
मृतका अंजली के भाई पुष्पेंद्र ने इस मामले में पति समेत कुल छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस अब उमेंद्र के चाचा उमेश सिंह, मां गायत्री, ड्राइवर सुजीत चौरसिया और कपिल की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है। एक मासूम बच्चे के सिर से मां का साया छिन जाने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और शोक का माहौल है।
Location : Lucknow
Published : 3 August 2026, 9:23 AM IST