हिंदी
महराजगंज से दिल दहला देने वाली वारदात (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर वार्ड में शनिवार देर रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। शराब और जुए की लत से परेशान एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांधी नगर वार्ड निवासी हरिखमन ठेला लगाकर मूंगफली बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शेषनाथ लंबे समय से शराब पीने और जुआ खेलने का आदी बताया जा रहा है। इसी बात को लेकर पिता अक्सर उसे समझाते और इस आदत को छोड़ने की नसीहत देते थे, जिससे घर में आए दिन विवाद होता रहता था।
ये भी पढ़ें - Maharajganj: दिमाग की बत्ती और ज्ञान की जंग, मदर मरियम ग्लोबल स्कूल के इन दो धुरंधरों ने जीती GK क्विज़ ट्रॉफी

शनिवार देर रात शेषनाथ शराब के नशे में घर पहुंचा। पिता हरिखमन ने जब उसे शराब पीने और जुआ खेलने से मना किया तो वह आगबबूला हो गया। गुस्से में उसने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए हरिखमन घर से बाहर भागे, लेकिन आरोपी बेटे ने उनका कॉलर पकड़कर सड़क पर जोर से पटक दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
आरोप है कि इसके बाद भी शेषनाथ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर पिता के सिर पर लगातार कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण हरिखमन की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी बेटे शेषनाथ को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल परिजन कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे है।
Location : Maharajganj
Published : 12 July 2026, 6:50 PM IST