प्रतिमा तो सुरक्षित हटा ली गई, लेकिन… मलबे की चपेट में आकर बहादुरपुर के युवक की मौत

चंदौली में चौड़ीकरण के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। पीडीडीयू नगर में जीटी रोड चौड़ीकरण के तहत काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान जेसीबी से गिरा मलबा दो लोगों पर आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से ऐपको कंपनी के मजदूर बलदेव यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है। एसडीएम ने मामले की संयुक्त जांच के आदेश दिए हैं।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 11 July 2026, 7:51 PM IST
google-preferred

Chandauli: चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में जीटी रोड पर सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। सड़क परियोजना की जद में आए काली मंदिर को हटाने की कार्रवाई के दौरान जेसीबी से गिराया जा रहा मलबा दो लोगों पर आ गिरा। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का उपचार जारी है।

ध्वस्तीकरण के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, जीटी रोड स्थित डीडीयू जंक्शन स्टेशन गेट के सामने सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में सड़क की सीमा में आ रहे काली मंदिर को हटाया जा रहा था। प्रशासन के मुताबिक, मंदिर को तोड़ने से पहले मां काली की प्रतिमा को विधि-विधान के साथ सुरक्षित दूसरी जगह स्थापित किया गया। इसके बाद जेसीबी की मदद से मंदिर का ध्वस्तीकरण शुरू हुआ।

ये भी पढ़ें - Chandauli: अचानक आई एक चीख और थम गईं सांसें… आखिर क्यों रात के सन्नाटे में ढहाया जा रहा था प्राचीन काली मंदिर?

मलबे की चपेट में आए दो लोग

ध्वस्तीकरण के दौरान अचानक मंदिर का मलबा दो लोगों पर गिर गया। आसपास मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी बलदेव यादव के रूप में हुई है। वह सड़क चौड़ीकरण परियोजना में कार्यरत ऐपको कंपनी का कर्मचारी था।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

पीडीडीयू नगर के एसडीएम राजीव सक्सेना ने मजदूर की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की संयुक्त जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतक के परिवार को पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन भी दिया गया है।

ये भी पढ़ें - Chandauli: मामूली बात पर सुलग उठा विवाद, घर की दहलीज पार कर लड़कियों तक पहुंची मारपीट की आंच

कंपनी ने दी हादसे पर सफाई

परियोजना का कार्य देख रही ऐपको कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि ध्वस्तीकरण से पहले बैरिकेडिंग और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए थे। उनके अनुसार, कर्मचारी लोगों को सुरक्षित स्थान पर हटाने में लगा था। इसी दौरान उसका ध्यान दूसरी ओर चला गया और वह अचानक गिरते मलबे की चपेट में आ गया।

फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।

Location :  Chandauli

Published :  11 July 2026, 7:46 PM IST

Related News

Advertisement