हिंदी
कानपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत पर कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से सिलेंडर की अर्थी को आग के हवाले किया। नीरज पहलवान और पवन गुप्ता ने सरकार को चेतावनी दी कि समस्या जल्द हल नहीं हुई तो आंदोलन बढ़ेगा।स्थानीय लोगों ने भी रसोई की दिक्कतों और गैस की कमी पर अपनी नाराजगी जताई।
कांग्रेस का प्रदर्शन
Kanpur: कानपुर शहर में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत को लेकर आम जनता की परेशानियों ने अब सियासी रंग ले लिया है। इसी क्रम में शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने सिलेंडर की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर सरकार और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कानपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत पर कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन। दादानगर से निकली सिलेंडर की अर्थी, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कंधे पर उठाकर जताया आक्रोश। अंत में प्रतीकात्मक अर्थी को आग के हवाले कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई गई।#UPNews #Kanpur #CongressProtest #LPGCrisis pic.twitter.com/fZ0OZ587HR
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 30, 2026
यह विरोध प्रदर्शन गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के दादानगर स्थित स्टेट बैंक चौराहे से शुरू हुआ। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन गुप्ता और पूर्व पार्षद जेपी पाल ने किया। बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर गैस सिलेंडर की कमी को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शनकारी स्टेट बैंक चौराहे से मार्च करते हुए ममता गैस एजेंसी पहुंचे, जहां प्रतीकात्मक रूप से सिलेंडर की अर्थी को आग के हवाले कर दिया गया। इस दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता को गुमराह कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि लोगों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
वहीं मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और उपभोक्ताओं ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं। कई लोगों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से गैस एजेंसी के बाहर लाइन में लग रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। महिलाओं ने खास तौर पर रसोई की दिक्कतों को लेकर नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कर आम जनता को राहत दी जाए।