देवरिया के भटनी में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली ने ली युवक की जान

देवरिया के भटनी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 25 April 2026, 10:01 PM IST
google-preferred

Deoria: भटनी थाना क्षेत्र में एक खौफनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। ईंट लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने एक युवक को ऐसी टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग सहम उठे। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया।

इलाज कर लौट रहा था युवक

मिली जानकारी के मुताबिक, सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले 25 साल अजय कुशवाहा अपने रिश्तेदार का इलाज कराने वाराणसी गए थे। वहां से लौटते समय वह अपने गांव पड़री तिवारी जा रहे थे। रास्ते में भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव के पास अचानक ईंट से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले गए। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।

गांव में पसरा मातम, चालक फरार

जैसे ही अजय की मौत की खबर गांव पहुंची। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आया। वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।

बिना नंबर और बीमा के दौड़ रहे ट्रैक्टर बने खतरा

ग्रामीण इलाकों में बिना नंबर और बिना बीमा के ट्रैक्टर ट्रॉली बेधड़क सड़कों पर दौड़ रहे हैं। यह आए दिन हादसों की वजह बन रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन की लापरवाही के चलते ऐसे वाहन खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। अगर समय रहते सख्ती नहीं हुई तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।

Home Guard Exam: देवरिया में 10 केंद्रों पर होमगार्ड परीक्षा शुरू, धूप में जूझते दिखे अभ्यर्थी

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Deoria

Published :  25 April 2026, 10:01 PM IST

Advertisement