हिंदी
गंगा एक्सप्रेस वे
Hapur: प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे पर फ्री सफर का समय अब खत्म होने जा रहा है। शासन द्वारा दी गई 15 दिन की छूट गुरुवार को समाप्त हो जाएगी और 14 मई की रात से इस एक्सप्रेस-वे पर टोल टैक्स लागू कर दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने मेरठ से प्रयागराज तक बने 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए टोल दरें जारी कर दी हैं। सभी टोल प्लाजा पर नई दरों की सूची सार्वजनिक कर दी गई है।
गंगा एक्सप्रेस-वे पर एंट्री के समय कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। वाहन चालकों से टोल एग्जिट प्वाइंट पर वसूला जाएगा। यानी जितनी दूरी तय होगी, उसी के हिसाब से फास्टैग के जरिए टोल कटेगा।
फिलहाल इस एक्सप्रेस-वे से प्रतिदिन 12 से 14 हजार वाहन गुजर रहे हैं। वाहन यहां 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफर कर रहे हैं।
BREAKING NEWS: गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, डबल डेकर बस पलटी, 20 से ज्यादा लोग घायल और एक की मौत
प्रारंभिक दरों के अनुसार कार और जीप से लगभग 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर शुल्क लिया जाएगा। पूरे मेरठ-प्रयागराज सफर के लिए यह राशि करीब 1515 रुपये बनती है। हालांकि माना जा रहा है कि अंतिम शुल्क बढ़कर 1800 रुपये तक पहुंच सकता है।
वहीं बस और ट्रक जैसे भारी वाहनों के लिए करीब 8.20 रुपये प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है, जिससे पूरे सफर का टोल लगभग 5700 रुपये या उससे अधिक हो सकता है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- एक्सप्रेसवे बनाना समाजवादियों ने सिखाया
मेरठ परिक्षेत्र से एक तिहाई गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण IRB Infrastructure Developers Limited ने किया है, जबकि बाकी दो तिहाई हिस्से का निर्माण Adani Group द्वारा किया गया है।
टोल एक बार ही कटेगा, लेकिन सिस्टम के जरिए राशि स्वतः दोनों कंपनियों के खातों में विभाजित हो जाएगी। मेरठ के बिजौली से बदायूं तक पहले सेक्टर की देखरेख अब IRB इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स लिमिटेड कर रही है।
गंगा एक्सप्रेस-वे का टोल सिस्टम पूरी तरह फास्टैग आधारित ट्रांजिट मॉडल पर काम करेगा। इससे वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ेगा और यात्रा तेज व सुगम होगी।
Location : Hapur
Published : 13 May 2026, 5:11 PM IST