गोरखपुर में अपराध पर जीरो टॉलरेंस, हिस्ट्रीशीट खोलकर पुलिस सख्त

गोरखपुर पुलिस ने तीन कुख्यात अपराधियों को ‘बी’ श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर घोषित कर उनके खिलाफ सख्त निगरानी शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Gorakhpur: गोरखपुर में अपराध के खिलाफ पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा है कि अब बदमाशों की नींद उड़नी तय है। लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के बीच पुलिस ने तीन कुख्यात अपराधियों को ‘दुराचारी’ घोषित कर उनके खिलाफ ‘बी’ श्रेणी की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। इस कार्रवाई के बाद अब अपराधियों की हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। जरा सी चूक पर तुरंत कार्रवाई होगी।

अवधेश उर्फ गुड्डू पर सख्त कार्रवाई

गोरखनाथ थाना क्षेत्र के जटेपुर उत्तरी निवासी अवधेश कुमार उर्फ गुड्डू लंबे समय से पुलिस के रडार पर था। इस पर चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। हाल के दिनों में भी इसकी सक्रियता बढ़ने की सूचना मिल रही थी। जिसके बाद पुलिस ने इसे ‘दुराचारी’ घोषित कर ‘बी’ हिस्ट्रीशीटर बना दिया। अब इसकी हर गतिविधि पर खास नजर रखी जाएगी।

अनंत राय पर कड़ा शिकंजा

बांसगांव थाना क्षेत्र के लोनाव निवासी अनंत राय का नाम भी इलाके के बड़े अपराधियों में गिना जाता है। इसके खिलाफ दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। लगातार अपराध में शामिल रहने के चलते पुलिस ने इसे बी श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर घोषित कर दिया है। जिससे अब इसकी निगरानी और भी सख्त हो गई है।

अज्जू सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास

बेदौली बाबू निवासी अजय सिंह उर्फ अज्जू सिंह भी पुलिस कार्रवाई की जद में आया है। इस पर लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मामलों के मुकदमे अलग-अलग जिलों में दर्ज हैं। लंबे समय से सक्रिय इस अपराधी को अब ‘बी’ हिस्ट्रीशीटर बनाकर पुलिस ने सख्त संदेश दे दिया है।

गोरखपुर: जमीन बेचकर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों से किया बड़ा खेल

क्या होती है ‘बी’ हिस्ट्रीशीट

‘बी’ श्रेणी की हिस्ट्रीशीट उन अपराधियों के खिलाफ खोली जाती है। जिनका आपराधिक रिकॉर्ड गंभीर और लगातार सक्रिय रहता है। ऐसे लोगों की गतिविधियों पर पुलिस लगातार निगरानी रखती है और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करती है।

पुलिस का साफ संदेश

इस कार्रवाई के जरिए गोरखपुर पुलिस ने कर दिया है कि जिले में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। जिससे कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

Location :  Gorakhpur

Published :  25 April 2026, 9:45 PM IST

Advertisement