प्रतापगढ़ में ब्लॉक प्रमुख पर चला कानून का हंटर, दबंग सुशील सिंह समेत छह पर इनाम घोषित

पट्टी में फायरिंग कर सगे भाइयों को घायल करने वाले ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह और उसके पांच साथियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है और लगातार दबिशें दे रही है।

Updated : 22 July 2025, 1:29 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दबंग ब्लॉक प्रमुख और उसके साथियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बाबा बेलखरनाथ धाम क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह और उनके पांच साथियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। यह इनाम प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा सोमवार रात घोषित किया गया, जिसने जिले में सनसनी फैला दी है।

आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर पट्टी कोतवाली क्षेत्र में रजिस्ट्री कार्यालय के सामने सरेआम फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी।

नामजद आरोपियों में इन लोगों के नाम शामिल

पुलिस की ओर से जिन छह लोगों पर इनाम घोषित किया गया है, उनके नाम हैं- सुशील सिंह (ब्लॉक प्रमुख), संतोष सिंह, ओम सिंह, अजय सिंह उर्फ टक्कू सिंह, शिवम पांडेय, विपिन पांडेय। इन सभी पर हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी, अवैध हथियार रखने और गुंडा एक्ट जैसे कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही इन पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Pratapgarh Block Pramukh

ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह

शिकंजा कसने में जुटी पुलिस, रात भर चली दबिश

घटना के बाद पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह और उनके साथियों की गिरफ्तारी के लिए रात भर दबिशें दीं। पुलिस ने सुशील सिंह के घर, रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की।
इतना ही नहीं, ब्लॉक प्रमुख के घर से एक थार जीप, कार और एक ट्रैक्टर को जेसीबी की मदद से जब्त कर थाना परिसर लाया गया। पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख के आधा दर्जन से ज्यादा करीबी लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख और उसके साथियों का अपराधिक इतिहास खंगाला गया है और इसे सार्वजनिक किया गया है, ताकि जनता को जानकारी रहे और पुलिस को सुराग मिलने में मदद मिले। इन सभी पर पहले भी कई आपराधिक केस दर्ज हैं।

इनाम बढ़ने की संभावना, जल्द गिरफ्तारी के आदेश

पुलिस सूत्रों की मानें तो अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है, तो ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह पर इनाम की राशि को 50 हजार रुपये तक बढ़ाया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित थानों को निर्देश दिया है कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Location : 
  • Pratapgarh

Published : 
  • 22 July 2025, 1:29 PM IST

Advertisement
Advertisement