हिंदी
दाऊजी मेले में सुरक्षा का बड़ा प्लान (IMG: Dynamite News)
Hathras: 115वें लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि मेले के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम अतुल वत्स ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट का भ्रमण करें और मौके पर जाकर व्यवस्थाओं की स्थिति देखें। उन्होंने कहा कि अगर कहीं कोई कमी दिखाई देती है तो इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दी जाए, ताकि मेला शुरू होने से पहले उसे ठीक कराया जा सके।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था का सबसे अहम हिस्सा निगरानी तंत्र रहेगा। प्रशासन ने इस बार सीसीटीवी कैमरों की संख्या में बड़ा इजाफा किया है। पहले जहां 30 कैमरों से निगरानी की व्यवस्था थी, वहीं अब इनकी संख्या बढ़ाकर 120 कर दी गई है। इससे मेले के अलग-अलग हिस्सों में आने-जाने वाले लोगों और प्रमुख स्थानों पर नजर रखने में मदद मिलेगी।
हाथरस में अपराधियों की पहचान का बदलेगा तरीका, अब एक फिंगरप्रिंट खोल सकता है अपराध का पुराना राज
मेले में श्रद्धालुओं को बारिश के कारण होने वाली परेशानी से बचाने के लिए भी काम कराया गया है। जिन स्थानों पर बारिश के दौरान अक्सर कीचड़ की समस्या सामने आती थी, वहां इंटरलॉकिंग कराई गई है। इसके अलावा वेस्ट वाटर वाले तालाब की ड्रेजिंग कराकर उसे रिक्लेम किया गया है।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फुटपाथ और इंटरलॉकिंग के काम के साथ मोबाइल टॉयलेट और पेयजल प्वाइंट भी तैयार किए जा रहे हैं। लोगों के लिए विश्राम स्थल बनाए जा रहे हैं और पार्किंग की व्यवस्था को भी बेहतर किया जा रहा है। भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
मेले में लगने वाले पंडालों की गुणवत्ता में भी सुधार किया जा रहा है। झूलों और फूड स्टॉल को अलग-अलग क्षेत्रों में व्यवस्थित करने की तैयारी है, ताकि मेले में आने वाले लोगों को घूमने और खरीदारी करने में सुविधा हो। प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं पर भी ध्यान दिया गया है। मेले में छोटा पीएचसी और मेडिकल टीम स्थायी रूप से तैनात रहेगी। इसका उद्देश्य मेले के दौरान किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने या किसी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।
Location : Hathras
Published : 13 September 2026, 12:06 PM IST