हिंदी
संत रविदास जयंती पर निकली कलश वंदन यात्रा (Img: Dynamite News)
Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुक्रवार को कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ भाजपा जिला कार्यालय से श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पावन मिट्टी से भरे कलश को सिर पर धारण कर यात्रा का शुभारंभ किया। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच कलश को रथ पर स्थापित कर यात्रा रवाना हुई।
भाजपा जिला कार्यालय से शुरू हुई यात्रा लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के भदैंया मंडल के पखरौली पहुंची, जहां विधायक सीताराम वर्मा ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि संत रविदास का जीवन समरसता, समानता, सेवा और मानवता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि 650वीं जयंती वर्ष पर निकाली जा रही यह कलश वंदन यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग तक संत रविदास के विचारों को पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के समरस समाज के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना और उसे जनआंदोलन का स्वरूप देना है। उन्होंने लोगों से संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
यात्रा पखरौली से होते हुए हनुमानगंज, दोमुहां, कामतागंज, भरथीपुर, लोदीपुर, नरहरपुर, कंधईपुर बाजार, रुदौली मंदिर, शिवपुरी मंदिर और सकरसी पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने कलश पूजन, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का रात्रि विश्राम सकरसी में होगा।
कार्यक्रम में पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. एमपी सिंह, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. आर.ए. वर्मा, जगजीत सिंह छंगू, प्रवीण कुमार अग्रवाल, मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Location : Sultanpur
Published : 7 August 2026, 7:39 PM IST