हिंदी
बलरामपुर में ईंधन संकट पर सपा का हल्ला बोल
Balrampur: बलरामपुर जिले में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच ईंधन और रसोई गैस की किल्लत लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, गैस एजेंसियों के बाहर इंतजार करते लोग और सूखते खेत अब जिले की नई तस्वीर बन गए हैं। आम लोगों की परेशानी अब सिर्फ घरेलू संकट तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह एक बड़ा जनमुद्दा बनकर सामने आ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गैसड़ी विधायक राकेश यादव और पूर्व जिला अध्यक्ष परशुराम वर्मा के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी सड़कों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिले में ईंधन की किल्लत लगातार बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन स्थिति को संभालने में नाकाम साबित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने आम जनता की परेशानियों को लेकर आवाज उठाई।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी शिवनारायन सिंह को सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिले में ईंधन की आपूर्ति जानबूझकर प्रभावित की जा रही है, जिससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है।
बलरामपुर में चोरी का खुलासा, मोबाइल बेचने वाला और खरीदने वाला दोनों गिरफ्तार
ईंधन संकट का सबसे बड़ा असर किसानों और घरेलू महिलाओं पर देखने को मिल रहा है। किसानों का कहना है कि डीजल की कमी के कारण खेतों की सिंचाई और बुवाई प्रभावित हो रही है। समय पर सिंचाई न होने से फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। वहीं दूसरी तरफ गैस सिलेंडर की कमी ने घरों की रसोई व्यवस्था को प्रभावित किया है। कई परिवारों को खाना बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में लोग फिर से लकड़ी और पारंपरिक ईंधन पर निर्भर होने लगे हैं।
ईंधन संकट का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है। स्कूलों में चलने वाली मिड-डे मील योजना भी प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। गैस की कमी के कारण कई जगह भोजन तैयार करने में दिक्कत हो रही है। इसके अलावा शादी-ब्याह और सामाजिक आयोजनों में भी रसोई व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई हैं। आयोजकों को सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं।
बलरामपुर के मेधावियों ने गाड़ा सफलता का झंडा, अंशुमान और भावना बने जिले के ‘सिरमौर’
समाजवादी पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ईंधन और गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने मांग की कि पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर नियमित निगरानी रखी जाए और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
Location : Balrampur
Published : 24 April 2026, 2:41 PM IST