हिंदी
शोकसभा आयोजित
Chandauli: दिल्ली के उत्तम नगर में हुए तरुण खटिक हत्याकांड को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला। पीडीडीयू नगर के जीटी रोड स्थित सब्जी मंडी में सब्जी-फल विक्रेता वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले एक शोकसभा आयोजित की गई। जिसमें बड़ी संख्या में सोनकर समाज के लोग और व्यापारी शामिल हुए। सभा के दौरान मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और हत्यारों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग जोर-शोर से उठाई गई।
दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान रंग पड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिसमें सोनकर समाज के युवक तरुण खटिक की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना ने समाज में आक्रोश भर दिया है और लोग न्याय की मांग को लेकर एकजुट हो रहे हैं। चंदौली में आयोजित इस शोकसभा में भी यही गुस्सा साफ तौर पर देखने को मिला।
चंदौली में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब गिरा, बाल-बाल बचे मजदूर; जांच के लिए कार्रवाई तेज
सभा को संबोधित करते हुए सब्जी फल विक्रेता वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष चौधरी नरायण प्रसाद सोनकर ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक मामूली विवाद में युवक की जान ले लेना मानवता के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
वहीं, सब्जी मंडी के व्यापारी अशोक सोनकर ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तरुण खटिक के परिवार को न्याय मिलना चाहिए और सरकार को चाहिए कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के साथ-साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाए। जिससे उनका जीवन आगे चल सके।
शोकसभा के दौरान मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती। तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। सभा के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
Location : Chandauli
Published : 21 March 2026, 4:34 PM IST
Topics : Chandauli News delhi crime news Sonkar Community Protest Tarun Khatik murder Uttam Nagar Murder Case