हिंदी
मौके पर पहुंची पुलिस (IMG: Dynamite News)
Mathura: मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे गांव को दहला दिया। घर के ऊपरी कमरे में एक महिला का गला कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था और महिला बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घर के सभी दरवाजे अंदर से बंद मिले। जब काफी देर तक महिला ने दरवाजा नहीं खोला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। दूसरी छत के रास्ते कमरे तक पहुंचे लोगों ने जो दृश्य देखा, उसे देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र के गांव बाठी की है। ग्रामीणों के अनुसार महिला घर में अकेली थी। सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को चिंता हुई। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बताया जा रहा है कि घर के सभी मुख्य दरवाजे अंदर से बंद थे। ऊपरी कमरे का मुख्य गेट भी भीतर से बंद मिला। हालांकि, कमरे का एक छोटा दरवाजा खुला था। इसके बाद पड़ोसी दूसरी छत के रास्ते ऊपर पहुंचे। वहां बेड पर महिला का शव पड़ा था। उसका गला कटा हुआ था और कमरे में बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मृतका की पहचान गांव बाठी के जाटव मोहल्ला निवासी विजय, पत्नी राजपाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, उसके पति राजपाल फरीदाबाद में नौकरी करते हैं। महिला के दो बेटे हैं, जिनमें छोटा बेटा आगरा की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्यों को जानकारी दी गई। वहीं गांव में घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
मरीज इंतज़ार करते रहे, स्ट्रेचर करता रहा ईंटों की ढुलाई? मथुरा से सामने आई चौंकाने वाली तस्वीर
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी सदर वरुण मिश्रा और थाना जैंत के प्रभारी निरीक्षक सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कमरे से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Mathura
Published : 28 July 2026, 2:47 PM IST