हिंदी
मां शैलपुत्री की पूजा के साथ नवरात्रि की शुरुआत
Raebareli: शारदीय नवरात्र के पहले दिन रायबरेली में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिले भर के सभी देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान के साथ की गई। विशेष रूप से शहर के ऐतिहासिक मनसा देवी मंदिर में भक्तों का जनसैलाब देखने को मिला, जहां लोगों ने लंबी कतारों में लगकर देवी मां के दर्शन किए।
लगभग डेढ़ सौ वर्ष पुराने इस मंदिर में भक्तों की गहरी आस्था है। मान्यता है कि नवरात्रि के नौ दिनों में यदि कोई भक्त मां के दर्शन लगातार करता है और सच्चे मन से प्रार्थना करता है, तो देवी मां उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। इसी आस्था के चलते मंदिर प्रांगण में सुबह से देर शाम तक हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिरों में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। जगह-जगह महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं ताकि कोई अव्यवस्था न हो।
रायबरेली के 150 साल पुराने मनसा देवी मंदिर में नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। मां शैलपुत्री की पूजा के साथ शुरू हुई आस्था की डगर। प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम।'#raebareli #Navratri2025 #UPNews #navratrivibes #UttarPradesh pic.twitter.com/X7zbgmA32y
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 22, 2025
मनसा देवी मंदिर में भक्तों की श्रद्धा का उमड़ा सैलाब
मनसा देवी मंदिर, जो रायबरेली का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, वहां नवरात्रि के दौरान विशेष पूजा का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी अभिषेक बाजपेई ने बताया कि, इस बार भक्तों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक रही है। उन्होंने कहा, मां की कृपा से सब कुछ शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में हो रहा है। लोग सुबह 4 बजे से ही लाइन में लग गए थे।
भक्त शैलेंद्र अग्निहोत्री ने बताया कि वह हर साल अपनी पूरी फैमिली के साथ नवरात्र में मां के दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा, इस मंदिर में हमारी पूरी आस्था है। मां ने मेरी कई मनोकामनाएं पूरी की हैं।
जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों जैसे काली मंदिर, त्रिपुर सुंदरी मंदिर, और दुर्गा मंदिरों में भी भक्तों की संख्या में भारी इजाफा देखा गया। श्रद्धालु माता के जयकारों के साथ मंदिरों में पहुंचे और पूजन-अर्चन किया। शहर के बाजारों में भी नवरात्रि की रौनक देखी गई, जहां पूजा सामग्री, चुनरी, नारियल और फूलों की दुकानें सजी हुई हैं।
रायबरेली में शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा में श्रद्धालु पूरी तरह लीन नजर आए। प्रशासन की सख्ती और मंदिरों की व्यवस्था ने भक्तों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण दर्शन का अवसर प्रदान किया।
Location : Raebareli
Published : 22 September 2025, 12:49 PM IST