हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Image: Social Media)
New Delhi: एक 12वीं कक्षा की छात्रा की मौत के बाद उसके मोबाइल फोन ने ऐसा राज खोला, जिसने परिवार के साथ-साथ पुलिस को भी चौंका दिया। परिजनों का आरोप है कि छात्रा को उसके स्कूल के साथियों की ओर से लगातार व्हाट्सऐप पर बुलिंग और धमकियों का सामना करना पड़ रहा था। 24 अगस्त को छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। अब उसके पिता ने एक सहपाठी और उसके तीन परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
कौशांबी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद शुरुआत में परिवार को लगा कि छात्रा ने किसी व्यक्तिगत परेशानी के चलते यह कदम उठाया होगा। लेकिन मौत के बाद जब पिता ने उसका मोबाइल फोन देखा तो कई वीडियो, ऑडियो और व्हाट्सऐप चैट सामने आए। इन सामग्रियों में सहपाठी से जुड़ी बातचीत और कथित तौर पर छात्रा को डराने-धमकाने से संबंधित सामग्री मिली। परिवार का आरोप है कि छात्रा को लगातार परेशान किया जा रहा था। उसे कथित तौर पर धमकी भी दी जाती थी कि अगर उसने आरोपी के बारे में दोबारा किसी से कुछ कहा तो उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी जाएगी और उसके माता-पिता के साथ भी मारपीट की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी सहपाठी ने छात्रा को व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल की थी। आरोप है कि इस बातचीत के दौरान छात्रा पर आरोपी और उसके माता-पिता से माफी मांगने का दबाव बनाया गया। परिवार का कहना है कि कॉल के दौरान छात्रा को डराया और धमकाया गया। इसके बाद छात्रा ने घर में अपनी जान दे दी। इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा के साथ स्कूल में और ऑनलाइन किस तरह का व्यवहार किया जा रहा था और घटना से पहले उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।
जांच के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल ने छात्रा के पिता को एक पेन ड्राइव भी दी। इसमें घटना से जुड़ी वीडियो सामग्री होने की बात सामने आई है। एक वीडियो में आरोपी छात्र और उसके माता-पिता के साथ हुई बातचीत भी बताई जा रही है। परिवार ने यह सामग्री पुलिस को सौंप दी है।
एसीपी के अनुसार शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि कुछ समय पहले छात्रा ने आरोपी छात्र से दूरी बना ली थी और दूसरे दोस्तों के समूह में शामिल हो गई थी। पुलिस अब इस बदलाव और उसके बाद सामने आई कथित बुलिंग के बीच संबंध की जांच कर रही है। पिता की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस मोबाइल चैट, ऑडियो-वीडियो और पेन ड्राइव में मौजूद सामग्री की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Ghaziabad
Published : 13 September 2026, 1:14 PM IST