
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा
Raebareli : जिले में भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति की अनियमितता को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। सलोन और सरेनी क्षेत्रों में ग्रामीणों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
सलोन विधानसभा क्षेत्र के विद्युत उपखंड कार्यालय पर आज बड़ी संख्या में ग्रामीण और सपा कार्यकर्ता पहुंचे। उन्होंने अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और एसडीओ व जेई को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि रात के समय भी बार-बार बिजली काट दी जाती है। जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी हो रही है। इस दौरान पूर्व प्रत्याशी सुरेश चौधरी ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन जिला स्तर तक जाएगा। प्रदर्शन में देवेंद्र भीमराज, पुत्तन सिंह यादव, आदर्श यादव, अभिषेक यादव और जितेंद्र यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सारेनी क्षेत्र के मलके गांव पावर हाउस पर भी ग्रामीणों ने बिजली कटौती के खिलाफ हंगामा किया। ग्रामीणों ने बताया कि रोस्टिंग के नाम पर दिन-रात बिजली बाधित की जा रही है और कई बार सिर्फ कुछ मिनटों की सप्लाई के बाद घंटों के लिए बिजली गुल हो जाती है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार आने वाले मैसेज के बाद भी बिजली लंबे समय तक नहीं रहती। बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों का स्वास्थ्य और गर्मी में जीवनयापन सभी प्रभावित हो रहे हैं। कई लोगों को अस्पताल तक जाने की नौबत आ रही है।
भीषण गर्मी में बिजली संकट से उबल पड़ा रायबरेली, 7 दिन में सुधार नहीं तो बड़ा आंदोलन
विद्युत विभाग के अवर अभियंता ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि समस्या की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जाएगी और जल्द ही रात्रिकालीन कटौती को सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से संयम और सहयोग की अपील भी की।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि यदि 7 दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
Location : Raebareli
Published : 23 May 2026, 7:28 PM IST