Crime News: सहारनपुर में महिला स्मैक तस्कर गिरफ्तार, लाखों का स्मैक और नकद बरामद

सहारनपुर में ऑपरेशन सवेरा के तहत थाना मंडी पुलिस ने महिला नशा तस्कर आसमा उर्फ कल्लो को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से 265 ग्राम अवैध स्मैक और 1 लाख 45 हजार 600 रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 26 November 2026, 8:31 PM IST
google-preferred

Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत थाना मंडी पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि महिला के कब्जे से करीब 53 लाख रुपये कीमत की स्मैक और 1 लाख 45 हजार 600 रुपये नकद बरामद हुए हैं। गिरफ्तार महिला की पहचान आसमा उर्फ कल्लो पत्नी रियासत अली के रूप में हुई है। वह थाना मंडी क्षेत्र के साबरी का बाग की रहने वाली है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस उप महानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर के निर्देशन में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। महिला को साबरी का बाग, गली नंबर-2, राजो का कब्रिस्तान के पास, तालाब के सामने से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने महिला के पास से 265 ग्राम अवैध स्मैक और 1 लाख 45 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। क्षेत्राधिकारी प्रिया सिंह ने पुलिस सभागार में प्रेसवार्ता कर गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी।

महिला की गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क की तलाश तेज (Image Source: Dynamite News)

ये भी पढे़ं: Saharanpur: बायोमेट्रिक हाजिरी से 20 हजार वेतन तक, सहारनपुर में सफाई कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन जारी

आसपास के क्षेत्रों में स्मैक सप्लाई करने का आरोप

क्षेत्राधिकारी प्रिया सिंह के अनुसार, महिला आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को स्मैक की सप्लाई करती थी। पुलिस का कहना है कि बरामद नकदी को स्मैक की बिक्री से हुई कमाई माना जा रहा है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि फिलहाल इस मामले में महिला अकेली गिरफ्तार हुई है। उसके खिलाफ अभी एक ही मुकदमा सामने आया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

प्रिया सिंह ने बताया कि महिला के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्मैक की सप्लाई कहां से होती थी और इस काम में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं।

53 लाख की स्मैक और नकदी बरामद (Image Source: Dynamite News)

ये भी पढे़ं: सहारनपुर में समरसता यात्रा रैली: उम्मीदों पर फिरा पानी, खाली कुर्सियों ने बढ़ाई नेताओं की मायूसी

तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस

महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, महिला के कारोबार से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि स्मैक की तस्करी में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति या समूह शामिल है या नहीं।

पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी लोग इस अवैध कारोबार में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। ऑपरेशन सवेरा के तहत नशे के कारोबार पर कार्रवाई जारी है। फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य फोकस गिरफ्तार महिला से जुड़े तस्करी नेटवर्क और उसके संपर्कों का पता लगाना है।

Location :  Saharanpur

Published :  26 November 2026, 8:31 PM IST

Advertisement