सहारनपुर में समरसता यात्रा रैली: उम्मीदों पर फिरा पानी, खाली कुर्सियों ने बढ़ाई नेताओं की मायूसी

सहारनपुर में संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा मंगलवार को पहुंची। दिल्ली रोड स्थित जनसभा स्थल पर अपेक्षा के मुताबिक भीड़ नहीं जुटी और कई कुर्सियां खाली रहीं। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने संत रविदास के समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 24 November 2026, 8:08 PM IST
google-preferred

Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा मंगलवार को सहारनपुर पहुंची। यात्रा के स्वागत के लिए दिल्ली रोड स्थित जनसभा स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन जनसभा स्थल पर अपेक्षा के मुताबिक भीड़ नहीं जुट सकी। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही कई कुर्सियां खाली दिखाई दीं।

आयोजन के दौरान यात्रा के पहुंचने में वाहन संबंधी तकनीकी परेशानी के कारण विलंब हुआ। आयोजकों ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और यात्रा का सम्मान करने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के देरी से पहुंचने के बाद भी लोग कार्यक्रम स्थल पर ज्यादा देर तक रुकने को तैयार नहीं दिखे। कुछ समय बाद वहां मौजूद लोग भी अपने घरों की ओर जाने लगे। रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने लोगों को समझाकर बैठाने की कोशिश की। खाली कुर्सियां देखकर मंच पर बैठे नेता भी मायूस नजर आए। प्रदेश अध्यक्ष ने मंच से देरी के लिए लोगों से माफी मांगी।

29 यात्राएं और 51 हजार स्थानों पर समरसता महोत्सव का दावा

कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प यात्रा का शुभारंभ 29 जुलाई को किया गया था। उनके मुताबिक, अब तक देशभर में 29 यात्राएं निकाली जा चुकी हैं और 51 हजार स्थानों पर समरसता महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। यात्रा को 26 हजार से अधिक संतों का आशीर्वाद मिलने की बात भी कही गई। लगभग 204 किलोमीटर का सफर तय कर यह यात्रा उत्तर प्रदेश के प्रवेश द्वार सहारनपुर पहुंची।

कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ नहीं (Image Source: Dynamite News)

ये भी पढ़ें: Paytm KYC के नाम पर सहारनपुर में ठगी, चाउमीन और चटनी वाले को भी नहीं छोड़ा, पुलिस से मांगा इंसाफ

वक्ताओं ने संत रविदास महाराज के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने और जातिगत भेदभाव समाप्त कर सामाजिक एकता मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समानता, समरसता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया था। समाज को जातियों में बांटने के बजाय उनके विचारों को अपनाकर एकजुट होने की जरूरत है।

कांग्रेस पर निशाना

कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर दलितों और वंचितों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को उचित सम्मान नहीं दिया और उन्हें चुनाव हराने का काम किया। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास कर उन्हें राष्ट्रीय सम्मान देने का काम किया गया।

वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के 15 पैसे वाले बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले भ्रष्टाचार के कारण सरकारी योजनाओं का पूरा पैसा लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाता था। उन्होंने दावा किया कि जनधन खातों और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से मोदी सरकार ने गरीबों के खातों में 54 लाख करोड़ रुपये पहुंचाए हैं। स्टैंडअप इंडिया के जरिए वंचित वर्गों को स्वरोजगार के अवसर और बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।

खाली कुर्सियां देख मायूस हुए नेता (Image Source: Dynamite News)

ये भी पढ़ें: सहारनपुर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों का तीसरे दिन भी धरना जारी, सोमवार से आंदोलन तेज करने की चेतावनी

मोदी सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का किया जिक्र

भाजपा नेताओं ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग, शिक्षा, धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने देवबंद में एटीएस कमांडो सेंटर की स्थापना और एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत सहारनपुर के काष्ठकला उद्योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयासों का उल्लेख किया। वक्ताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड बहुमत से जीत का भरोसा भी जताया। कार्यक्रम में राघवेंद्र स्वामी जी, शिवदास महाराज, चौधरी महाराज, बेगराज महाराज और संजय दास महाराज सहित अनेक संत एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Saharanpur

Published :  24 November 2026, 8:07 PM IST

Related News

Advertisement