‘दोनों बचकर न जाएं’… कत्ल से पहले हुआ था झगड़ा, जांच में सामने आए अहम सुराग

सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद युवक शिवकुमार की हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। चश्मदीदों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले हमलावरों और मृतकोें के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसमें उन्होंने चिल्लाकर कहा था कि दोनों बचकर न जाएं.. पुलिस ने मां और मामा को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 11 June 2026, 7:44 PM IST
google-preferred

Saharanpur: सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद हुई शिवकुमार हत्याकांड की जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि हत्या से कुछ देर पहले ही शिवकुमार, उसकी पत्नी आकांक्षा और आरोपियों के बीच तीखी बहस और झड़प हुई थी। इसी दौरान कथित तौर पर धमकी दी गई थी कि "दोनों बचकर नहीं जाओगे"। चार महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले शिवकुमार की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। अब मामले में ऑनर किलिंग के एंगल की भी जांच तेज हो गई है।

पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आया था पति

शामली जिले के खेड़ी बैरागी गांव निवासी 27 वर्षीय शिवकुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने रामपुर मनिहारान आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपनी पत्नी और ममेरे भाई के साथ कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आकांक्षा के भाई मंजीत और अन्य लोगों ने उनकी कार को रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने शिवकुमार को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या से पहले बहन को ले जाने की कोशिश

जांच में सामने आया है कि परीक्षा केंद्र के आसपास ही आरोपी मंजीत अपनी बहन आकांक्षा को जबरन अपने साथ घर ले जाना चाहता था। इस बात का शिवकुमार और आकांक्षा ने विरोध किया। चश्मदीदों और जांच में जुटी पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद शिवकुमार अपनी पत्नी को लेकर वहां से निकल गया, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी दौरान कथित तौर पर धमकी दी गई थी कि दोनों को छोड़ा नहीं जाएगा।

चार महीने पहले की थी लव मैरिज

शिवकुमार और आकांक्षा एक ही गांव के रहने वाले थे। दोनों के घर आमने-सामने बताए जाते हैं। करीब चार महीने पहले दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह कर लिया था। विवाह के बाद से युवती का परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहा था। तनाव बढ़ने पर दोनों गांव छोड़कर शामली की अटल बिहार कॉलोनी में रहने लगे थे। परिजनों का आरोप है कि उन्हें पहले भी कई बार धमकियां दी गई थीं।

मां और मामा गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश

मामले में पुलिस ने आकांक्षा की मां विमला और मामा कर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पहले ही आकांक्षा के भाई मंजीत, परमजीत, मौसम, आदित्य और अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चुकी है। एसपी सिटी व्योम बिंदल के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है। गोली सिर के भीतर ही फंसी मिली।

गांव वालों के तानों से परेशान था परिवार

पूछताछ में गिरफ्तार विमला ने पुलिस को बताया कि प्रेम विवाह के बाद गांव में लोग लगातार ताने मारते थे, जिससे परिवार मानसिक दबाव में था। पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है।

परिजनों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

शिवकुमार की मां कांति देवी ने बेटे की हत्या को सुनियोजित साजिश बताया है। उनका आरोप है कि परिवार को पहले भी कई बार धमकियां मिली थीं। उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन करेंगे।

गांव में पुलिस बल तैनात

बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शिवकुमार का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Location :  Saharanpur

Published :  11 June 2026, 7:44 PM IST

Related News

Advertisement