मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार ट्रक का कहर: कार को मारी टक्कर, बच्चा और महिला समेत 6 घायल

मुजफ्फरनगर के रामराज क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने वैगनआर को टक्कर मार दी, जिसमें 6 लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 April 2026, 12:32 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के रामराज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब एक बेकाबू ट्रक ने पीछे से आ रही वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे और एक महिला समेत कुल 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तेज रफ्तार ने मचाया कहर

यह हादसा रामराज थाना क्षेत्र में उस वक्त हुआ जब एक वैगनआर कार अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे से कार में बैठे लोग संभल भी नहीं पाए और सभी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जानसठ पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया। बाकी चार लोगों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दो घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल एक बच्चे और एक महिला समेत कुल 6 लोग शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, दो लोगों की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अन्य घायलों को अस्पताल में निगरानी में रखा गया है।

ट्रक कब्जे में, जांच जारी

इस मामले में जानकारी देते हुए सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  27 April 2026, 12:32 AM IST

Advertisement