हिंदी
शिवकुमार बेरिया के बाद अवनीश बेरिया ने ठोकी दावेदारी (IMG: Dynamite News)
Kanpur Dehat: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात की रसूलाबाद विधानसभा सीट पर 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक तरफ समाजवादी पार्टी से पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया टिकट की दावेदारी कर रहे हैं, तो वहीं अब भाजपा में भी नए चेहरे की सक्रियता चर्चा का विषय बन गई है। पूर्व भाजपा प्रत्याशी राकेश बेरिया के पुत्र अवनीश बेरिया ने रसूलाबाद विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी को लेकर चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।
रविवार को अवनीश बेरिया रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के कस्बा झींझक पहुंचे। यहां उन्होंने क्षेत्र के प्रसिद्ध अक्षयवट धाम मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर जोर दिया गया। अवनीश बेरिया ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव तक पहुंचने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की बात कही।
वहीं, अवनीश बेरिया के साथ बीजेपी समर्थक अनुरुद्ध द्विवेदी, रंजन शुक्ला, जितेंद्र सिंह गौर, नितिन राजा, रानू मिश्रा, पार्षद अनुराग सिंह, सुनील शुक्ला, हरगोविन्द कुशवाहा, शैलेन्द्र तिवारी, अनिल सिंह, वीरेंद्र सिंह राजपूत समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने झींझक व आसपास क्षेत्र की गंभीर समस्याओं पर चर्चा की जिसमें अवनीश बेरिया ने भरोसा दिलाया की जनता ने आशीर्वाद दिया तो सभी समस्याओं का हल किया जाएगा।
रसूलाबाद विधानसभा सीट पर पहले से ही पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया की सक्रियता बढ़ी हुई है। ऐसे में अब भाजपा की ओर से अवनीश बेरिया के मैदान में उतरने की तैयारी ने इस सीट का राजनीतिक मुकाबला और दिलचस्प बना दिया है। हालांकि, भाजपा ने अभी तक रसूलाबाद विधानसभा सीट के लिए आधिकारिक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है, लेकिन अवनीश बेरिया की लगातार बढ़ती सक्रियता और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों को आगामी चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया भी रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले रसूलाबाद की सियासत में नए समीकरण बनने के संकेत मिलने लगे हैं।
Location : Kanpur Dehat
Published : 30 August 2026, 7:06 PM IST